नोएडा के चर्चित निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत हो गई. 18 सितंबर को उसका शव भूपतवाला इलाके में एक चाय की दुकान पर फंदे से लटका मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक कोली पिछले कुछ दिनों से इसी इलाके में चाय की दुकान चला रहा था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
सुरेंद्र कोली का नाम 2005-06 के चर्चित निठारी कांड से जुड़ा था. इस मामले में नोएडा के निठारी इलाके से बच्चों और महिलाओं के लापता होने की कई शिकायतें सामने आई थीं. जांच के दौरान पुलिस 29 दिसंबर 2006 को सेक्टर-31 स्थित कारोबारी मोनिंदर सिंह पंढेर के घर D-5 तक पहुंची थी. वहां घर के पीछे और आसपास के नाले की तलाशी के दौरान मानव अवशेष, खोपड़ियां, हड्डियां, कपड़े और दूसरी चीजें बरामद हुई थीं.
इसके बाद पुलिस ने मोनिंदर सिंह पंढेर और उसके घरेलू सहायक सुरेंद्र कोली को गिरफ्तार किया था. जनवरी 2007 में मामले की जांच CBI को सौंप दी गई. कुल 19 मामलों में केस दर्ज हुए थे. CBI ने 16 मामलों में चार्जशीट दाखिल की थी. कोली पर इन मामलों में हत्या, अपहरण, दुष्कर्म और सबूत मिटाने जैसे आरोप लगाए गए थे.
ADVERTISEMENT


