उत्तर प्रदेश के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस और एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है. मामले के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. असद के मारे जाने के बाद मृतक सूर्या चौहान के परिवार की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. सूर्या की मां ने इस कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया है. हालांकि, परिवार का कहना है कि उन्हें पूरा न्याय तभी मिलेगा जब इस वारदात में शामिल अन्य सभी आरोपी भी अपने अंजाम तक पहुंचेंगे.
ADVERTISEMENT
अभी मांग पूरी नहीं हुई है
यूपी तक से बात करते हुए सूर्या चौहान की रोती-बिलखती मां ने कहा, "मैं बाबा योगी, मोदी और अपने पुलिस डिपार्टमेंट को धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने मेरी मांग पूरी की. पर अभी मेरी मांग पूरी तरह से पूरी नहीं हुई है. अभी सिर्फ एक ही आरोपी मारा गया है. जो मुख्य आरोपी था वो तो मारा गया लेकिन अभी 6 आरोपी और बचे हैं. उनका भी एनकाउंटर होना चाहिए और उन सबके घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए."
सरेआम वारदात को दिया था अंजाम
मृतक सूर्या के परिजनों और रिश्तेदारों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. परिजनों का कहना है कि अपराधियों ने दहशत का माहौल बनाने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था. ईद के दिन एक 17 साल के नवयुवक को सरेआम, दोपहर के 3 बजे बीच सड़क पर चाकुओं से गोदकर मार दिया गया.
परिजनों ने बताया कि वारदात के वक्त आरोपियों ने सूर्या के हाथ-पैर पकड़ रखे थे और बेरहमी से चाकुओं से वार किया. परिवार के मुताबिक, इस अपराध में शामिल सातों के सात लोग मुख्य आरोपी हैं और समाज में सही संदेश देने के लिए उन सभी का खात्मा जरूरी है.
योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर जताया भरोसा
परिवार के अन्य सदस्यों ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और पुलिस प्रशासन की तारीफ करते हुए कहा कि अन्य राज्यों में भले ही अपराधी बच जाते हों, लेकिन यूपी में अपराध करने वालों को तुरंत उनके कर्मों का फल मिलता है. उन्होंने मीडिया का भी धन्यवाद किया, जिसकी वजह से यह मामला हाइलाइट हो सका. परिजनों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर ऐसे अपराधियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे चलकर ये समाज और देश के लिए बड़ा खतरा (आतंकवादी रूप) बन सकते हैं. फिलहाल परिवार असद के एनकाउंटर से संतुष्ट है, लेकिन बाकी बचे 6 फरार आरोपियों पर भी इसी तरह की त्वरित कार्रवाई की मांग पर अड़ा है.
ADVERTISEMENT


