मुरादाबाद से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर ऐसा विवाद शुरू हुआ कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. ट्रेन में दो परिवारों के बीच बैठने की जगह को लेकर पहले कहासुनी हुई. इसके बाद मामला जीआरपी के जवानों तक पहुंच गया. महिला पक्ष ने एक कॉन्स्टेबल पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. वहीं, जीआरपी का दावा है कि एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ छह यात्रियों ने मारपीट और गाली-गलौज की.
ADVERTISEMENT
इस मामले में जीआरपी नजीबाबाद में चार महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार भी किया है. दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए मुरादाबाद ले जाया गया. घटना के बाद महिला पक्ष और जीआरपी की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं.
सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बुधवार 18 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे जननायक एक्सप्रेस मुरादाबाद स्टेशन से नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी. ट्रेन में बिहार की रहने वाली एक महिला अपनी सीट पर लेटी हुई थी. इसी दौरान दूसरे परिवार की एक महिला ने उससे बैठने के लिए जगह मांगी. आरोप है कि सीट खाली नहीं करने पर दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई.
महिला का कहना है कि वह छठ पूजा के बाद अपने घर लौट रही थी. उसे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है और उस समय उसकी तबीयत भी ठीक नहीं थी. ऐसे में पास बैठे एक यात्री ने उसे अपनी सीट पर आराम करने के लिए जगह दी थी.
महिला की बेटी के मुताबिक, शुरुआत में सभी यात्री अपनी-अपनी सीटों पर बैठे थे. इसी बीच दो महिलाओं ने बैठने के लिए जगह मांगी. जगह नहीं मिलने पर वे आगे चली गईं. कुछ देर बाद जीआरपी का एक सिपाही दोनों महिलाओं को अपने साथ लेकर वापस आया और उन्हें बैठाने के लिए कहने लगा.
महिला की बेटी ने कॉन्स्टेबल पर लगाए गंभीर आरोप
महिला की बेटी का आरोप है कि कोच में पहले से ही यात्री बैठे थे. जगह नहीं होने के कारण वे दूसरी महिलाओं को नहीं बैठा सके. इसके बाद सिपाही ने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया.
बेटी का कहना है कि इसी दौरान सिपाही ने उसका कॉलर पकड़ लिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. महिला पक्ष का आरोप है कि जीआरपी कॉन्स्टेबल ने उसकी मां के साथ मारपीट की. इससे महिला को गंभीर चोटें आईं.
जीआरपी का दावा- छह यात्रियों ने जवानों से की मारपीट
इस घटना पर जीआरपी मुरादाबाद ने अलग पक्ष रखा है. पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को जननायक एक्सप्रेस में एस्कॉर्ट ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ छह यात्रियों ने मारपीट और गाली-गलौज की थी. जीआरपी ने आरोप लगाया कि यात्रियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और सरकारी काम में बाधा डाली. इस मामले में चंदन ठाकुर समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने दरभंगा के बहेड़ी निवासी 20 वर्षीय चंदन ठाकुर और समस्तीपुर जिले के 20 वर्षीय पिक्कू कुमार को गिरफ्तार किया है. दोनों को कोर्ट में पेश किया गया.
देर रात रेलवे पुलिस के अधिकारी पहुंचे नजीबाबाद
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस के अधिकारी देर रात नजीबाबाद पहुंचे. आरपीएफ कमांडेंट ऋषि कुमार शुक्ला और मुरादाबाद जीआरपी इंस्पेक्टर कमल किशोर ने आरपीएफ प्रभारी विपिन कुमार की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत की.
अधिकारियों ने दोनों सिपाहियों और बिहार के रहने वाले यात्रियों से घटना के बारे में जानकारी ली. इसके बाद महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं. वहीं, गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों को जीआरपी अपने साथ मुरादाबाद ले गई.
सामने आए वीडियो में क्या दिखाई दिया?
इस घटना से जुड़े दो वीडियो भी सामने आए हैं. इनमें ट्रेन के कोच में सीट को लेकर हुआ विवाद दिखाई देता है. एक वीडियो में महिला सीट पर लेटी नजर आ रही है. वहीं, कुछ यात्री कोच में खड़े हैं. इनमें कुछ महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लेकर खड़ी दिखाई देती हैं. वीडियो में कुछ महिलाएं सीट पर लेटी महिला से बैठने और दूसरी महिला को जगह देने के लिए कहती नजर आती हैं. इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिखाई देती है.
इसके बाद जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचते हैं. वे महिलाओं को बैठाने के लिए जगह दिलाने की कोशिश करते नजर आते हैं. वीडियो में महिला को मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते हुए भी देखा जा सकता है. हालांकि, इन वीडियो से यह साफ नहीं होता कि मारपीट की शुरुआत किसने की थी या सबसे पहले किसने हाथ उठाया.
दोनों पक्षों के आरोप अलग-अलग, जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
इस पूरे मामले में महिला पक्ष और जीआरपी के आरोप एक-दूसरे से अलग हैं. महिला की बेटी का कहना है कि सीट को लेकर हुए विवाद में सिपाही ने उसका कॉलर पकड़ा और उसकी मां के साथ मारपीट की. वहीं, जीआरपी ने छह यात्रियों पर अपने जवानों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और दो युवकों को गिरफ्तार किया है.
फिलहाल, सीट पर बैठने की जगह मांगने से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक कैसे पहुंचा और सबसे पहले हाथ किसने उठाया, इसे लेकर सवाल बने हुए हैं. वीडियो में भी इन सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिलता.
ADVERTISEMENT


