उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने पांच प्रत्याशियों की अपनी पहली सूची जारी की है. इस सूची में सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक उमर अली खान का नाम शामिल किया गया है. प्रत्याशी घोषित होने के बाद उनके पारिवारिक इतिहास, शिक्षा और राजनीतिक सफर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. जानिए आखिर कौन है उमर अली खान जिनकी हो रही इतनी चर्चा और क्या है उनका कराची कनेक्शन.
ADVERTISEMENT
पारिवारिक इतिहास, कराची कनेक्शन और वीजा से जुड़ी बातें
उमर अली खान का जन्म 23 अप्रैल 1977 को हुआ. उनके पिता सरफराज अली खान पाकिस्तान के कराची शहर से संबंधित थे और उनका निकाह सहारनपुर के कांची गांव की बिस्मिल्लाह बेगम से हुआ था. निकाह के बाद सरफराज अली खान अपनी पत्नी के साथ कराची में रहे और फिर लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) लेकर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर आ गए. उमर अली खान बचपन में लगभग पांच महीने की उम्र में माता-पिता के साथ भारत आए और सहारनपुर में ही पले-बढ़े.
जानकारी के अनुसार, सरफराज अली खान जीवनभर लॉन्ग टर्म वीजा पर रहे और समय-समय पर पाकिस्तान आते-जाते रहे, जबकि वीजा व नागरिकता से जुड़े प्रयासों के बीच वर्ष 2024 में उनका निधन हो गया. बताया जाता है कि पूर्व सांसद काजी राशिद मसूद ने वीजा के संदर्भ में सिफारिश की थी और उमर अली खान ने भी पिता की नागरिकता को लेकर सरकार से सिफारिश की थी.
शिक्षा, दुबई में नौकरी और बुखारी परिवार से रिश्ता
उमर अली खान ने प्रारंभिक पढ़ाई सहारनपुर से करने के बाद चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से स्नातक और मोदीनगर से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की. एमबीए के बाद उन्होंने दुबई पोर्ट अथॉरिटी में काम किया और वर्ष 2007 में भारत लौटकर सहारनपुर के पचेर गांव में रहने लगे. उनका विवाह 24 दिसंबर 2005 को दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी की बेटी हिना बुखारी से हुआ. इस पारिवारिक संबंध के चलते दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सामाजिक व राजनीतिक हलकों में उनकी अलग पहचान बनी.
सियासी सफर: एमएलसी, 2017 का बदलाव और 2022 की जीत
उमर अली खान ने समाजवादी पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक शुरुआत की. वे 2012 में बेहट विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके. इसके बाद वे 2012 से 2018 तक उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य रहे.
2017 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत बेहट सीट कांग्रेस के हिस्से में गई, जहां से नरेश सैनी विधायक बने. इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने एक बार फिर उमर अली खान को बेहट से मैदान में उतारा और वे चुनाव जीतकर विधायक बने. अब 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए बेहट से प्रत्याशी घोषित किया है.
ADVERTISEMENT


