बीमार पति की परवाह नहीं, दामाद के साथ चली गई पत्नी; उन्नाव की हैरान करने वाली कहानी

सूरज सिंह

• 12:53 PM • 06 Nov 2026

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक महिला पर बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार होने का आरोप लगा है. परिवार का दावा है कि वह घर में जमीन के नीचे छिपे 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के गहने भी ले गई. बेटे ने जमीन और गहनों को लेकर एसपी से शिकायत की है.

Unnao
Unnao
Google CTA

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रिश्तों को हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां अजगैन थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार होने का आरोप लगा है. परिवार का दावा है कि महिला घर में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए पुश्तैनी गहने भी अपने साथ ले गई. इनमें करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना शामिल है. मामले को लेकर महिला का बेटा अपने बीमार पिता के साथ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा और कार्रवाई की मांग की.

Read more!

परिवार ने इस मामले में महिला और उसके दामाद पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. बेटे का कहना है कि उसकी मां ने पहले पिता की खरीदी हुई 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर दी. इसके बाद वह घर छोड़कर चली गई. पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

बहन की मौत के बाद बढ़ीं मां और बहनोई की नजदीकियां

महिला के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद उसके पति ने बहन की हत्या कर दी थी. हालांकि, परिवार ने उस समय केस दर्ज नहीं कराया. बेटे के मुताबिक, इसकी वजह बहन के बच्चे की परवरिश थी.

उसका आरोप है कि बहन की मौत के बाद उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. बहनोई का घर आना-जाना भी शुरू हो गया. जब पिता ने इस रिश्ते का विरोध किया तो परिवार में विवाद होने लगा. बेटे का दावा है कि मां और बहनोई के बीच नजदीकियां लगातार बनी रहीं. अब उसकी मां उसी बहनोई के साथ घर छोड़कर चली गई है.

जमीन खोदकर निकाल ले गई पुश्तैनी गहने!

इस मामले में परिवार ने घर में रखे पुश्तैनी गहनों को लेकर भी शिकायत की है. बेटे और उसके बीमार पिता का आरोप है कि घर की कोठरी में जमीन के नीचे एक गड्ढा खोदकर गहने छिपाए गए थे. इनमें करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के आभूषण थे.

परिवार का आरोप है कि महिला घर छोड़ने से पहले जमीन खोदकर इन गहनों को भी निकाल ले गई. परिजनों के मुताबिक, इन आभूषणों की कीमत लाखों रुपये है. परिवार ने पुलिस से गहनों के मामले की भी जांच कराने की मांग की है.

10 बिस्वा जमीन नाती के नाम करने का आरोप

महिला के बेटे ने जमीन के लेनदेन को लेकर भी सवाल उठाए हैं. शिकायत के मुताबिक, 14 सितंबर को उसकी मां ने दामाद के कहने पर पिता की खरीदी हुई 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर दी.

बेटे का आरोप है कि उसकी मां ने यह काम परिवार को बिना बताए किया. पिता को भी जमीन नाती के नाम किए जाने की जानकारी नहीं दी गई. परिवार को इस बारे में बाद में पता चला. अब बेटे ने पुलिस से जमीन के मामले की भी जांच कराने की मांग की है.

गांव में चौकीदारी करते थे बीमार पति, अब अकेले रहने को मजबूर

शिकायत में बेटे ने पिता की खराब सेहत का भी जिक्र किया है. उसका कहना है कि पिता की तबीयत ठीक नहीं रहती. वह पहले गांव में चौकीदारी का काम करते थे. मां के घर छोड़कर जाने के बाद बीमार पिता अकेले रह गए हैं.

बेटे के मुताबिक, परिवार ने सबसे पहले अजगैन थाने में शिकायत दी थी, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद वह अपने पिता के साथ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह से मिला और मां तथा बहनोई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

एसपी ने परिवार को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला के फरार होने, गहने ले जाने और जमीन नाती के नाम करने से जुड़े आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.