उत्तर प्रदेश के बांदा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवता और मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है. यहां एक मां और भाई ने मिलकर अपनी शादीशुदा बेटी का सौदा कर दिया. आरोप है कि युवती को हरियाणा ले जाकर 1 लाख 38 हजार रुपये में बेच दिया गया और उसकी जबरन शादी करवा दी गई.
ADVERTISEMENT
पीड़िता ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस अधीक्षक (SP) के पास पहुंचकर पूरी घटना बताई. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
साजिश के तहत ले गए बांदा
मूल रूप से चित्रकूट की रहने वाली पीड़िता के अनुसार, उसकी मां और भाई उसे किसी बहाने से बांदा लेकर आए थे. यहां उसे अंधेरे में रखकर हरियाणा से आए कुछ लोगों के हवाले कर दिया गया.
आरोप है कि आरोपियों ने युवती का सौदा 1.38 लाख रुपये में किया था. इसके बाद उसे जबरन हरियाणा ले जाया गया और वहां उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करा दी गई.
चंगुल से छूटकर पुलिस के पास पहुंची पीड़िता
पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकलने में सफल रही और सीधे पुलिस अधीक्षक (SP) के पास पहुंची. पीड़िता की आपबीती सुनकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पलाश बंसल ने तुरंत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को जांच के आदेश दिए.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को दबोच लिया है. इससे पहले इस गिरोह से जुड़े हरियाणा के दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस अब इस मामले की कड़ियों को जोड़ रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मानव तस्करी के खेल में और कितने लोग शामिल हैं.
एसपी पलाश बंसल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है.
ADVERTISEMENT


