UP Board Result: मैथ में 99 और केमिस्ट्री में 95...UP 10th की टॉपर रहीं प्राची निगम ने पास किया इंटर, जानें कितने आए नंबर

UP Board Result: यूपी बोर्ड 2024 की हाईस्कूल टॉपर प्राची निगम ने 12वीं में 91.20% अंक हासिल किए हैं. मैथ में 99 नंबर लाने वाली प्राची इंग्लिश में कम नंबरों की वजह से मेरिट लिस्ट में आने से चूक गईं. पिछले साल बॉडी शेमिंग का शिकार हुई प्राची अब इंजीनियर बनकर अपने सपनों को पूरा करना चाहती हैं.

Prachi Nigam
Prachi Nigam

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Prachi Nigam 12th Result: यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के नतीजों का इंतजार खत्म हो गया है. रिजल्ट जारी होते ही हर किसी की नजरें पिछले साल की हाईस्कूल टॉपर प्राची निगम पर टिक गईं. प्राची वही छात्रा हैं, जिन्होंने 2024 में न सिर्फ टॉप किया था, बल्कि अपनी सादगी और चेहरे के बालों की वजह से सोशल मीडिया पर 'बॉडी शेमिंग' का भी सामना किया था. अब प्राची ने इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा भी अच्छे नंबरों से पास कर ली है.

Read more!

इंग्लिश में रह गई थोड़ी कसर, वरना फिर बनती टॉपर

सीतापुर की रहने वाली प्राची निगम ने 12वीं की परीक्षा में 91.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. उनके विषयवार नंबरों पर नजर डालें तो प्राची ने विज्ञान के विषयों में झंडे गाड़े हैं. उन्हें मैथ में 99, हिंदी में 96, केमिस्ट्री में 95 और फिजिक्स में 92 नंबर मिले हैं.

हालांकि इंग्लिश में उन्हें 73 अंक मिले, जिसकी वजह से वह मेरिट लिस्ट में जगह बनाने से चूक गईं. जानकारों का मानना है कि अगर इंग्लिश में थोड़े और बेहतर नंबर आते, तो प्राची एक बार फिर स्टेट मेरिट लिस्ट में अपनी जगह बना सकती थीं.

इंजीनियर बनने का है सपना

प्राची के पिता पेशे से ठेकेदार हैं और मां गृहणी हैं. 10वीं में 98.50 प्रतिशत अंक लाकर प्रदेश में नाम रोशन करने वाली प्राची का लक्ष्य भविष्य में इंजीनियर बनना है. उन्हें साइंस विषय से बेहद लगाव है और वे इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं.

ट्रोलर्स को दिया था करारा जवाब

पिछले साल जब प्राची की फोटो वायरल हुई तो कुछ लोगों ने उनके लुक्स को लेकर भद्दे कमेंट्स किए थे. उस वक्त प्राची ने बड़ी ही परिपक्वता से जवाब देते हुए कहा था कि उन्हें अपनी सूरत की आलोचना करने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ता. उनकी मेहनत और अंक ही उनकी असली पहचान हैं. इस साल के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्राची का ध्यान सिर्फ अपनी पढ़ाई और लक्ष्यों पर केंद्रित है.

यूपी बोर्ड 2026: कैसा रहा कुल रिजल्ट?

इस साल यूपी बोर्ड परीक्षा के नतीजों में एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है. आंकड़ों के मुताबिक, 10वीं में कुल 90.42 प्रतिशत और 12वीं में 80.38 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं.

    follow google news