BJP और सपा में कौन आगे, BSP कहां खड़ी है? यूपी चुनाव से पहले Vote Vibe के ताजा पोल को समझिए

ललित यादव

• 03:27 PM • 15 Nov 2026

वोट वाइब के ताजा सर्वे में उत्तर प्रदेश में NDA को 42 फीसदी और सपा गठबंधन को 39 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. BSP का वोट शेयर घटकर 6 फीसदी रह सकता है. सर्वे के मुताबिक, यूपी की राजनीति अब दो बड़े गठबंधनों के बीच सिमटती दिख रही है.

up election
up election
Google CTA

उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनाव से पहले एक बार फिर मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है. एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी अपनी सरकार बचाने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है. लेकिन इस बार चुनावी लड़ाई में बहुजन समाज पार्टी की भूमिका कितनी होगी, यह भी बड़ा सवाल है.

Read more!

'वोट वाइब' के ताजा ट्रैकर में उत्तर प्रदेश की तस्वीर कुछ ऐसी ही नजर आ रही है. सर्वे के मुताबिक, NDA को 42 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. वहीं, समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 39 फीसदी वोट मिल सकते हैं. BSP करीब 6 फीसदी वोट पर सिमटती दिख रही है.

यानी बीजेपी गठबंधन और सपा गठबंधन के बीच सिर्फ 3 फीसदी वोट का अंतर है. पहली नजर में यह आंकड़ा NDA के पक्ष में दिखता है, लेकिन चुनावी मुकाबला इतना आसान नहीं है. सर्वे में 3 फीसदी तक की मार्जिन ऑफ एरर की गुंजाइश भी बताई गई है. ऐसे में दोनों गठबंधनों के बीच मुकाबला बेहद करीबी माना जा सकता है.

2024 के नतीजों से कितना अलग है 2027 का चुनाव?

इस सर्वे पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जिस उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बड़ा झटका लगा था, वहां अब NDA फिर आगे कैसे दिखाई दे रहा है? 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस के गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया था. कई सीटों पर विपक्ष आगे रहा. वोट शेयर की बात करें तो NDA और विपक्षी गठबंधन दोनों को करीब 43.5 फीसदी वोट मिले थे.

लेकिन 'वोट वाइब' के संस्थापक अमिताभ तिवारी का मानना है कि 2024 और 2027 के चुनावों की तुलना सीधे तौर पर नहीं की जा सकती. उनके मुताबिक, 2024 का लोकसभा चुनाव यूपी की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत था. इसे 2014 के चुनाव की तरह एक 'स्ट्रक्चरल शिफ्ट' यानी राजनीतिक समीकरणों में बदलाव के तौर पर देखा जाना चाहिए.

इसे समझने के लिए 2014 का चुनाव देखना होगा. उस समय बीजेपी का 2012 के विधानसभा चुनाव में वोट शेयर करीब 15 फीसदी था. लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में यह बढ़कर करीब 40 फीसदी हो गया. पार्टी ने गैर-यादव OBC, गैर-जाटव दलित और सामान्य वर्ग को साथ लाकर नया सामाजिक समीकरण तैयार किया था.

अमिताभ तिवारी के मुताबिक, 2024 में भी यूपी की राजनीति में ऐसा ही बदलाव देखने को मिला. लंबे समय तक राज्य की राजनीति में मुकाबला त्रिकोणीय रहा. बीजेपी, सपा और BSP तीनों की अपनी मजबूत भूमिका थी. लेकिन 2024 में NDA और विपक्षी गठबंधन को मिलाकर करीब 88 फीसदी वोट मिले. वहीं BSP का वोट शेयर 10 फीसदी से नीचे चला गया. इसका मतलब है कि यूपी की राजनीति अब धीरे-धीरे दो बड़े गठबंधनों के बीच सिमटती दिख रही है. ऐसे में BSP पहले की तरह चुनावी नतीजों को प्रभावित करने वाली ताकत नहीं रह गई है.

BSP कमजोर हुई तो किसे फायदा, BJP या सपा?

उत्तर प्रदेश के चुनावी गणित में BSP का कमजोर होना सबसे अहम बदलावों में से एक है. इसका असर सीटों पर भी दिखाई देता है.अमिताभ तिवारी ने इसके लिए 2017 और 2024 के आंकड़ों की तुलना की. 2017 में BSP का वोट शेयर करीब 22 फीसदी था. उस चुनाव में NDA को 325 सीटें मिली थीं. वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में BSP का वोट शेयर घटकर करीब 9 फीसदी रह गया और NDA की सीटें 175 पर आ गईं.

उनके विश्लेषण के मुताबिक, BSP का वोट बैंक कमजोर होने से यूपी की राजनीति का पुराना त्रिकोणीय मुकाबला बदल रहा है. हालांकि, इसका फायदा किसे मिलेगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि दलित और दूसरे पिछड़े वर्गों के वोट किस तरफ जाते हैं.

अखिलेश यादव की गैरमौजूदगी से BJP को मिला मौका?

2024 के लोकसभा चुनाव के बाद यूपी की राजनीति में एक और बदलाव हुआ. अखिलेश यादव ने अपनी विधानसभा सीट छोड़ दी और लोकसभा की सदस्यता अपने पास रखी. इसके बाद करीब दो साल तक राज्य की विधानसभा राजनीति में उनकी सीधी मौजूदगी कम रही. अमिताभ तिवारी का मानना है कि इस दौरान योगी आदित्यनाथ के सामने विपक्ष की तरफ से कोई मजबूत चुनौती नहीं दिखी. अखिलेश ने जिन नेताओं को जिम्मेदारी दी थी, वे भी योगी के सामने उस तरह नहीं टिक पाए. इसका फायदा बीजेपी को मिलता दिखाई दे रहा है. उनके मुताबिक, गैर-यादव OBC समुदाय के कुछ वोट, जो पिछले चुनाव में बीजेपी से दूर चले गए थे, अब फिर NDA की तरफ लौट सकते हैं.

UGC नियमों से सामान्य वर्ग की नाराजगी का क्या असर?

सर्वे के विश्लेषण में UGC के नियमों को लेकर सामान्य वर्ग की नाराजगी का भी जिक्र किया गया है. अमिताभ तिवारी के मुताबिक, जब सामान्य वर्ग में किसी मुद्दे को लेकर नाराजगी बढ़ती है तो इसका असर दूसरे सामाजिक समूहों पर भी पड़ सकता है. ऐसी स्थिति में SC और OBC समुदायों के बीच बीजेपी के समर्थन में जवाबी गोलबंदी यानी काउंटर कंसोलिडेशन देखने को मिल सकता है.

इसके अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में 'संविधान खतरे में है' का मुद्दा भी काफी चर्चा में रहा था. माना गया कि इस नैरेटिव के कारण गैर-जाटव दलित वोटों का एक हिस्सा बीजेपी से दूर हुआ. लेकिन अब यह मुद्दा पहले जितना प्रभावी नहीं दिख रहा है. ऐसे में दलित समुदाय के भीतर भी नए नेतृत्व की तलाश तेज हो सकती है. हालांकि, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के बीच हालिया गठबंधन का असर इस सर्वे में शामिल नहीं है. इसलिए आने वाले समय में इस गठबंधन की भूमिका भी चुनावी समीकरण बदल सकती है.

फिलहाल यूपी में किसका पलड़ा भारी?

'वोट वाइब' के ताजा आंकड़े बताते हैं कि बीजेपी और सपा के बीच मुकाबला बेहद करीबी है. NDA को 42 फीसदी और सपा गठबंधन को 39 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. वहीं BSP 6 फीसदी पर नजर आ रही है. बीजेपी के लिए राहत की बात यह है कि गैर-यादव OBC वोटों की वापसी और विपक्ष के मुद्दों का कमजोर पड़ना उसके पक्ष में जा सकता है. दूसरी तरफ सपा के सामने अपने पुराने सामाजिक समीकरण को बनाए रखने और नए वोटरों को जोड़ने की चुनौती है.

फिलहाल इतना साफ है कि यूपी की राजनीति में BSP पहले जैसी मजबूत तीसरी ताकत नहीं दिख रही. मुकाबला तेजी से NDA और सपा गठबंधन के बीच सिमटता नजर आ रहा है. लेकिन 3 फीसदी का अंतर और सर्वे की त्रुटि की गुंजाइश बताती है कि अभी किसी एक पक्ष की जीत तय मानना जल्दबाजी होगी.