उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच 'वोट वाइब' (Vote Vibe) का एक बड़ा सर्वे सामने आया है. इस सर्वे के जरिए यह जानने की कोशिश की गई कि यूपी की जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा-एनडीए सरकार के पिछले 5 साल के कामकाज और अपने स्थानीय विधायकों के प्रदर्शन से कितनी संतुष्ट या असंतुष्ट है. सर्वे के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे राजनीतिक दलों- खासकर टिकट बंटवारे की रणनीति बनाने वालों के लिए बड़े संकेत दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT
विधायकों के कामकाज से लगभग आधी आबादी नाराज
सर्वे में जब मतदाताओं से पूछा गया कि वे अपने वर्तमान विधायक के कार्य प्रदर्शन से कितने संतुष्ट हैं तो बेहद चौंकाने वाले नतीजे सामने आए:
- पूर्णतया संतुष्ट: 14.9%
- संतुष्ट: 8.7%
- औसत / ठीक-ठाक: 17.2%
- असंतुष्ट: 42.6%
- पूर्णतया असंतुष्ट: 7.6%
- कह नहीं सकते / नहीं जानते: 9%
आंकड़ों का विश्लेषण करें तो असंतुष्ट (42.6%) और पूर्णतया असंतुष्ट (7.6%) लोगों को मिलाकर करीब 50.2% जनता अपने मौजूदा विधायकों से नाराज नजर आ रही है. यह नाराजगी किसी एक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि भाजपा, सपा या अन्य दलों के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति जनता के गुस्से को दर्शाती है.
योगी सरकार के 5 साल के काम पर क्या बोली जनता?
विधायकों के बाद सर्वे में दूसरा बड़ा सवाल राज्य सरकार के प्रदर्शन को लेकर था. लोगों से पूछा गया कि पिछले 5 सालों में उत्तर प्रदेश सरकार के कामकाज से वे कुल मिलाकर कितने संतुष्ट हैं. इसके नतीजे इस प्रकार रहे:
- पूर्णतया संतुष्ट: 28.3%
- संतुष्ट: 13.3%
- औसत / ठीक-ठाक: 11.4%
- असंतुष्ट: 28.4%
- पूर्णतया असंतुष्ट: 9.8%
- कह नहीं सकते: 9.2%
सरकार के मामले में संतुष्ट (28.3% + 13.3% = 41.6%) और असंतुष्ट (28.4% + 9.8% = 38.2%). मतदाताओं के बीच का अंतर महज 3% के आसपास है. यह बेहद कांटे की टक्कर दिखाता है।
टिकट बंटवारे पर बढ़ सकता है दबाव
सर्वे के ये दोनों आंकड़े एक बड़ी तस्वीर साफ करते हैं कि यूपी की जनता में राज्य सरकार की तुलना में स्थानीय विधायकों को लेकर नाराजगी बहुत अधिक है. जहां सरकार से नाखुश लोगों का आंकड़ा करीब 38% है, वहीं विधायकों से नाराजगी का आंकड़ा 50% तक पहुंच गया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एंटी-इनकंबेंसी (सत्ता विरोधी लहर) का यह फैक्टर चुनाव के वक्त राजनीतिक दलों पर मौजूदा विधायकों के टिकट काटने और नए चेहरों को मौका देने का भारी दबाव बना सकता है.
ये भी पढ़ें: UP Election 2027 Survey: यूपी में BJP, सपा या BSP कौन कितना आगे? वोट वाइब के पोल ट्रैकर ने बता दिया
ADVERTISEMENT


