CM Gramodyog Rozgar Yojana: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक शानदार अवसर लेकर आई है. मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत अब गांव के युवा अपने ही क्षेत्र में लघु उद्योग शुरू कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT
आजकल हर युवा का सपना होता है कि वह आत्मनिर्भर बने और अपना खुद का व्यवसाय शुरू करे. अक्सर संसाधनों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के युवा पीछे रह जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. उत्तर प्रदेश सरकार की 'मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना' ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है.
क्या है यह योजना?
इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी को कम करना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है. इसके तहत 18 से 50 वर्ष की आयु के पुरुष और महिलाएं अपना बिजनेस शुरू करने के लिए अधिकतम 15 लाख रुपये तक का लोन ले सकते हैं. इस योजना के अंतर्गत 100 से ज्यादा प्रकार के उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं.
पात्रता और जरूरी शर्तें
- योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को निम्नलिखित मानकों को पूरा करना होगा:
- आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए.
- आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
- यह योजना मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ही प्रभावी है.
जरूरी दस्तावेज
- आवेदन करते समय आपके पास निम्नलिखित दस्तावेज होने अनिवार्य हैं
- आधार कार्ड और पैन कार्ड.
- ग्राम प्रधान द्वारा सत्यापित निवास प्रमाण पत्र.
- प्रस्तावित व्यवसाय की प्रोजेक्ट रिपोर्ट.
- शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र.
- ब्याज दर और सब्सिडी का गणित
सरकार ने इस योजना में ब्याज को लेकर बड़ी राहत दी है:
- सामान्य वर्ग: 1 लाख तक के प्रोजेक्ट पर केवल 4% ब्याज देना होगा, उससे अधिक की ब्याज राशि सरकार वहन करेगी.
- आरक्षित वर्ग: अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए पूरी ब्याज राशि सरकार द्वारा भरी जाएगी.
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस कदम से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि गांवों से शहरों की ओर होने वाले पलायन में भी कमी आएगी.
ADVERTISEMENT

