UP: मथुरा के एक गांव में घरेलू विवाद के चलते हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी के होंठ दांतों से काट दिए. इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, और उसे खून से लथपथ हालत में अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने महिला के होंठ पर 16 टांके लगाए. मामला सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस को लिखित में अपनी दर्दभरी कहानी सुनाई, क्योंकि वह बोलने की स्थिति में नहीं थी. उसने पति के साथ-साथ अपने देवर और सास के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है.
ADVERTISEMENT
पति ने काटा होंठ, बीच-बचाव में बहन को भी पीटा
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, नगला भुचन की रहने वाली महिला का आरोप है कि शुक्रवार की शाम जब वह घर पर काम कर रही थी, तभी उसका पति विष्णु घर आया और बिना किसी वजह के झगड़ा करने लगा. जब उसने उसे शांत होने के लिए कहा तो उसने मारपीट करना शुरू कर दिया. इसी दौरान पति ने अचानक उसके होंठ पर हमला कर दिया और होंठ को काट डाला, जिससे वह लहूलुहान हो गई. जब उसकी बहन ने उसे बचाने की कोशिश की, तो पति ने उसकी बहन के साथ भी मारपीट की. घटना के बारे में पता चलने के बाद पीड़िता के पिता उसे पुलिस स्टेशन ले गए और उसके पति विष्णु, सास और देवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
सास और देवर पर भी आरोप
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि जब उसने इस घटना की शिकायत अपनी सास और देवर से की, तो उन्होंने न केवल चुप्पी साधी बल्कि उल्टा उसके साथ दुर्व्यवहार किया. इसके बाद, पीड़िता के पिता उसे थाने लेकर गए और पति विष्णु, सास और देवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस का बयान
इस मामले पर पुलिस ने जानकारी दी कि महिला के होंठ पर 16 टांके लगे हैं, और यह घटना पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद के कारण हुई. थाना प्रभारी (SHO) मोहित तोमर ने कहा कि घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हैं. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT


