उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से इंसानियत और कानून व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी कर रही एक 25 वर्षीय छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया. इसके बाद आरोपियों ने उसे 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा और हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. पीड़िता को हर 2 घंटे में नशे के इंजेक्शन दिए जाते थे, सिगरेट से दागा जाता था और भाई को जान से मारने की धमकी देकर जबरन शादी तक रचाई गई.
ADVERTISEMENT
लौटते वक्त कार सवार दबंगों ने किया अगवा
मूल रूप से मध्य प्रदेश (छतरपुर) की रहने वाली 25 वर्षीय यह पीड़ित छात्रा महोबा शहर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी. बीती 30 अप्रैल की शाम को जब वह लाइब्रेरी और कोचिंग से पढ़ाई कर अपने कमरे की तरफ लौट रही थी, तभी रास्ते में एक बड़ी फोर-व्हीलर गाड़ी आकर रुकी. गाड़ी में करीब 5 से 6 लोग सवार थे. उन्होंने छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी के अंदर डाल लिया और मौके से फरार हो गए. बेटी के गायब होने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 1 मई को गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
प्रयागराज में बंधक बनाकर दी गईं अमानवीय यातनाएं
घटना के पूरे 16 दिन बाद जब पुलिस टीमों ने छात्रा को सकुशल बरामद किया, तब इस गहरे राज से पर्दा उठा. अस्पताल में भर्ती सहमी हुई पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसके ही गांव का रहने वाला मुख्य आरोपी मोहित श्रीवास अपने साथियों- अंकित श्रीवास, हल्लू राजपूत और कुछ अन्य लोगों के साथ उसे जबरन प्रयागराज (इलाहाबाद) ले गया था.
वहां एक बंद कमरे में छात्रा को बंधक बनाकर रखा गया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन लगाते थे ताकि वह बेहोशी की हालत में रहे और विरोध न कर सके. विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी. हैवानियत का आलम यह था कि आरोपियों ने उसके शरीर को कई जगह सिगरेट से दागा और चाकू से हाथ पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया.
भाई की तस्वीर दिखाकर दी धमकी
छात्रा ने रोते हुए बताया कि प्रयागराज में मोहित के परिवार के अन्य लोग और भर्रा राजपूत नाम का एक लड़का भी आ गए. उन्होंने उसे फोन पर उसके सगे भाई की तस्वीर दिखाई और धमकी दी कि उनका आदमी भाई पर हर वक्त नजर रखे हुए है. अगर उसने मोहित से शादी नहीं की, तो वे उसके भाई को गोली मार देंगे. भाई की जान बचाने के लिए छात्रा को घुटने टेकने पड़े. पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका फर्जी दस्तावेज (पहचान पत्र) तैयार करवाया और डरा-धमकाकर जबरन शादी की रस्में पूरी करवा लीं.
अस्पताल में भर्ती है पीड़िता, डॉक्टरों ने कही ये बात
इस दर्दनाक हादसे के बाद से छात्रा की मानसिक और शारीरिक स्थिति बेहद खराब है. गंभीर हालत में उसे महोबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि छात्रा की शुरुआती मेडिकल जांच (MLC) करा ली गई है. वर्तमान में उसे पेट में असहनीय दर्द (Severe Abdomen Pain) की शिकायत है, जिसके बाद उसे जरूरी दवाइयां दी गई हैं और बेहतर डायग्नोसिस के लिए सीटी स्कैन (CT Scan) कराने की सलाह दी गई है. डॉक्टरों और पुलिस की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
पुलिस की कार्रवाई, 3 आरोपी हिरासत में
इस सनसनीखेज मामले पर महोबा पुलिस का आधिकारिक बयान भी सामने आया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि 1 मई को केस दर्ज होने के बाद छात्रा की तलाश के लिए 4 टीमों का गठन किया गया था, जिसके सार्थक प्रयासों से 16 मई को उसे बरामद कर लिया गया. अदालत में पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद इस मामले में कुछ और नए नाम सामने आए हैं. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है. फरार चल रहे मुख्य आरोपी मोहित श्रीवास और अन्य दबंगों की धरपकड़ के लिए एसओजी (SOG) और सर्विलांस समेत चार अन्य टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
ADVERTISEMENT


