UP Police Exam Day 1: पहले ही दिन 2 लाख से ज्यादा ने छोड़ा पेपर, वॉशरूम में मोबाइल ले जाते धरे गए मुन्ना भाई!

गौरव कुमार पांडेय

09 Jun 2026 (अपडेटेड: Jun 9 2026 11:53 AM)

UP Police Constable Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन का लेखा-जोखा सामने आ गया है. जहां एक ओर भारी संख्या में छात्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे, वहीं अफवाह फैलाने वालों और नकलचियों पर पुलिस का कड़ा चाबुक चला है.

UP Police Exam
UP Police Exam
Google CTA

UP Police Constable Exam News: उत्तर प्रदेश में 32,679 पदों के लिए आयोजित हो रही यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन का समापन हो गया है. दो पालियों में हुई इस परीक्षा में जहां लाखों युवाओं ने अपना भाग्य आजमाया, वहीं एक बड़ी संख्या ऐसी भी रही जिन्होंने परीक्षा से दूरी बना ली. पहले दिन की रिपोर्ट के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा और सतर्कता के बीच परीक्षा संपन्न हुई, लेकिन नकल की कोशिश करने वालों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है.

Read more!

उत्तर प्रदेश भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन की दोनों शिफ्टों के लिए कुल 9,62,832 अभ्यर्थियों को पंजीकृत किया गया था. इनमें से केवल 7,23,540 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे. यानी करीब 2 लाख 39 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी. प्रतिशत के लिहाज से देखें तो पहले दिन उपस्थिति लगभग 75% रही, जबकि 25% अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा देकर निकले छात्रों ने पेपर को 'मॉडरेट' (औसत) बताया, हालांकि कुछ विषयों ने अभ्यर्थियों को थोड़ा उलझाया भी.

CM के कड़े निर्देशों का असर जमीन पर भी दिखा

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों का असर जमीन पर भी दिखा. पुलिस ने केवल परीक्षा केंद्रों के अंदर ही नहीं, बल्कि डिजिटल दुनिया में भी पैनी नजर रखी. पेपर लीक की अफवाह फैलाने के आरोप में 'UPP Exam Paper' नाम के एक टेलीग्राम ग्रुप के खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. इसके अलावा, आजमगढ़ के बिलरियागंज में आशुतोष कुमार मौर्य नाम के युवक के खिलाफ इंस्टाग्राम पर अफवाह फैलाने के जुर्म में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है.

पहले दिन 'मुन्ना भाइयों' और नियम तोड़ने वालों पर भी गाज गिरी. हापुड़ के सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सचिन सिंह नाम के अभ्यर्थी को मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि वह वॉशरूम से लौटने में देरी कर रहा था, शक होने पर जब तलाशी ली गई तो उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ. वहीं, गोरखपुर के नीना थापा इंटर कॉलेज में बिहार के नालंदा निवासी राम प्रकाश कुमार को भी मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया. पुलिस ने इन दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.

STF की टीमें भी एक्टिव

भर्ती बोर्ड और प्रशासन दूसरे दिन की परीक्षा को लेकर भी पूरी तरह सतर्क है. पहले दिन की तरह ही आज भी दो शिफ्टों में परीक्षा आयोजित की जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था की गई है. साथ ही एसटीएफ (STF) की टीमें भी सक्रिय हैं ताकि किसी भी प्रकार की धांधली या पेपर लीक की कोशिश को नाकाम किया जा सके.

बता दें कि यह सिपाही भर्ती परीक्षा कुल तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न होगी. इस परीक्षा में करीब 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है. प्रशासन का मुख्य जोर इस बात पर है कि बिना किसी विवाद और पूरी पारदर्शिता के साथ इस बड़ी भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाए. पहले दिन की सख्ती ने साफ संदेश दे दिया है कि गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.