India’s Got Latent 2 में छा गया यूपी पुलिस का ये कांस्टेबल, समय रैना की बोलती बंद कर जीता शो और दिल, जानें कौन हैं ये

सुषमा पांडेय

• 09:07 AM • 05 Jul 2026

यूपी पुलिस के कांस्टेबल कपिल दिनकर ने समय रैना के शो में अपने शानदार सिंगिंग टैलेंट और हाजिरजवाबी से जजों को हैरान कर 1 लाख रुपये का इनाम जीता.

कपिल दिनकर
कपिल दिनकर
Google CTA

कॉमेडियन समय रैना का पॉपुलर शो 'इंडियास गॉट लेटेंट सीजन 2' इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है. लेकिन इसके दूसरे एपिसोड में एक ऐसे शख्स की एंट्री हुई. जिसने बड़े-बड़े कॉमेडियन्स और जजों के पसीने छुड़ा दिए. जब उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पहने यह जवान मंच पर पहुंचा तो अपनी हाजिरजवाबी, सिंगिंग टैलेंट और बेबाक अंदाज से उसने न सिर्फ जजों को 'स्पीचलेस' कर दिया बल्कि शो का विनर बनकर 1 लाख रुपये का इनाम भी अपने नाम कर लिया. हम बात कर रहे हैं यूपी पुलिस के कांस्टेबल कपिल दिनकर की, जो रातों-रात सोशल मीडिया की नई सनसनी बन चुके हैं.

Read more!

समय रैना की पिच पर उन्हीं को किया 'बोल्ड'

कपिल दिनकर ने स्टेज पर एंट्री लेते ही ऐसा पंच मारा कि खुद समय रैना भी हैरान रह गए. कपिल ने कहा, "अभी मन नहीं भरा क्या? पिछली बार तो बंद करवा दिया था..." इस हाजिरजवाबी को देखकर शो के जज- समय रैना, हर्ष लिंबाचिया और कीकू शारदा दंग रह गए. कपिल ने मंच पर शानदार पंजाबी गाना गाकर सबको झूमने पर मजबूर कर दिया और जजों से 10 में से 10 अंक हासिल किए. इसके अलावा, उन्होंने एक बोनस सवाल का ऐसा सटीक जवाब दिया कि उन्हें ₹500 का एक्स्ट्रा कैश प्राइज भी मिला.

वर्दी में शो पर आने को लेकर दिया यह जवाब

जब होस्ट समय रैना ने उनसे पूछा कि क्या पुलिस विभाग की तरफ से उन्हें वर्दी में परफॉर्म करने की इजाजत मिलती है? इस पर कपिल ने बेहद गर्व से बताया कि उन्हें अधिकारियों की तरफ से स्पेशल परमिशन (विशेष अनुमति) मिली हुई है. उनके टैलेंट को देखते हुए विभाग उन्हें सपोर्ट करता है. कपिल 'वर्दी वाले रॉकस्टार' के नाम से भी मशहूर हैं और इससे पहले मेरठ महोत्सव में भी अपनी आवाज का जादू बिखेर चुके हैं.

यूपी के लॉ एंड ऑर्डर पर कही बेबाक बात

शो के दौरान जब जजों ने तंज कसते हुए पूछा कि यूपी में 24 घंटे की ड्यूटी के बीच उन्हें संगीत और साहित्य के लिए समय कैसे मिलता है? क्या यूपी में बदमाश भाग गए हैं जो पुलिस इतनी इत्मीनान में है? कपिल ने आंकड़ों के साथ जवाब देते हुए यूपी पुलिस की तारीफ की. उन्होंने बताया कि राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और क्राइम रेट काफी गिरा है. 'मिशन शक्ति' जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पकड़े गए अपराधियों में से लगभग 93% को सजा दिलाई जा रही है. जब काम की बात आई, तो कपिल ने हंसते हुए बताया कि वह रात में ड्यूटी करते हैं और दिन में अपने शौक पूरे करते हैं.

पहली मोहब्बत थी म्यूजिक, मां के लिए पहनी वर्दी

दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम कर चुके और मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले कपिल दिनकर ने बताया कि वह कभी पुलिस में नहीं आना चाहते थे. उनकी पहली मोहब्बत संगीत थी और वह सिंगर बनना चाहते थे, लेकिन उनकी मां उन्हें खाकी वर्दी में देखना चाहती थीं. मां का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने साल 2021 में यूपी पुलिस ज्वाइन की.

फिलहाल उनकी पोस्टिंग मेरठ के थाना सदर बाजार में है. कपिल सिर्फ गाते ही नहीं हैं, बल्कि वह किताबें भी लिखते हैं. उनकी 3 किताबें पब्लिश हो चुकी हैं और वह 8 अन्य किताबों पर काम कर रहे हैं. कपिल की इस कामयाबी से मेरठ के थाना सदर बाजार के उनके साथी पुलिसकर्मी बेहद उत्साहित हैं. चर्चा तो यह भी है कि बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार भी कपिल को अपने एक शो में आमंत्रित करना चाहते हैं.