उत्तर प्रदेश में सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने बड़ी कार्रवाई की है. सूबे के सभी 75 जिलों में आयोजित होने जा रही लिखित परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए भर्ती बोर्ड का सोशल मीडिया सेल पूरी तरह मुस्तैद है. इसी कड़ी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'टेलीग्राम' पर परीक्षा का फर्जी प्रश्न पत्र लीक करने का दावा कर अभ्यर्थियों से अवैध वसूली की कोशिश करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. बोर्ड की शिकायत पर लखनऊ के हुसैनगंज थाने में इस बाबत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
ADVERTISEMENT
टेलीग्राम चैनल 'यूपीपी एग्जाम पेपर' पर शिकंजा
भर्ती बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर निरंतर निगरानी के दौरान 6 जून को टेलीग्राम पर 'यूपीपी एग्जाम पेपर' (UPP Exam Paper) नाम का एक अनधिकृत चैनल एक्टिव पाया गया. यह चैनल कंप्यूटर नेटवर्क का दुरुपयोग कर अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का झांसा दे रहा था. गिरोह का मकसद अभ्यर्थियों में भ्रम फैलाकर उनसे मोटी रकम (मौद्रिक लाभ) वसूलना था.
मामला संज्ञान में आते ही परीक्षा नियंत्रक और भर्ती बोर्ड की सक्रियता के चलते लखनऊ के हुसैनगंज थाने में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), भारतीय न्याय संहिता की धारा 318/421, 292 और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया है. बोर्ड ने साफ किया है कि ऐसे आपराधिक कृत्य करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
सोशल मीडिया पर STF और भर्ती बोर्ड की पैनी नजर
इस बार भर्ती बोर्ड किसी भी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है. सॉल्वर गैंग और अफवाह फैलाने वालों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को पूरी तरह से मैदान में उतार दिया गया है. भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इंस्टाग्राम, यूट्यूब, टेलीग्राम, वॉट्सऐप या एक्स (ट्विटर) पर चल रहे किसी भी भ्रामक संदेश और फर्जी दावों के बहकावे में न आएं और अपनी परीक्षा की तैयारी पूरे मनोयोग से करें.
75 जिलों में 3 दिन चलेगी परीक्षा, जानें पूरा शेड्यूल
इस साल लगभग 32,000 पदों पर हो रही इस सिपाही भर्ती परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
- तारीख: यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जा रही है.
- शिफ्ट: परीक्षा तीन दिनों में कुल 6 पालियों (शिफ्ट्स) में संपन्न होगी (यानी हर दिन दो पालियां).
- समय: पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी.
बस सेवा बिल्कुल मुफ्त
उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड ऑफिशियल वेबसाइट से डाउनलोड कर एग्जाम सेंटर की जानकारी ले सकते हैं. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने परिवहन निगम की बसों में यात्रा पूरी तरह से मुफ्त रखने का ऐलान किया है. अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर परीक्षा केंद्र तक मुफ्त सफर का लाभ उठा सकते हैं.
ADVERTISEMENT


