उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बहुत बड़ी खुशखबरी दी है. 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले, योगी सरकार ने प्रदेश के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री ने गृह विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए हैं कि इस वित्तीय वर्ष में कुल 81,000 पदों पर पुलिस भर्ती की जाएगी.
ADVERTISEMENT
अब तक की सबसे बड़ी भर्ती
योगी सरकार अपने पहले कार्यकाल से ही पुलिस विभाग में रिक्त पदों को भरने पर जोर दे रही है. पिछले कुछ वर्षों में 60,000 और 32,000 जैसी बड़ी भर्तियां की गई हैं, लेकिन 81,000 पदों का यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में मेरिट और आरक्षण नियमावली का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
पेपर लीक रोकने के लिए सख्त निर्देश
बीते समय में पुलिस भर्ती परीक्षाओं के दौरान 'पेपर लीक' एक बड़ा मुद्दा रहा है, जिसे विपक्ष ने चुनावी हथियार के रूप में इस्तेमाल किया था. इसे देखते हुए सीएम योगी इस बार बेहद सख्त हैं. उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए और मेरिट के साथ कोई छेड़छाड़ न हो.
हर तहसील में बनेगा फायर स्टेशन
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की. प्रदेश की हर तहसील में अब एक फायर स्टेशन (अग्नि शमन केंद्र) बनाया जाएगा. इससे न केवल आगजनी की घटनाओं पर त्वरित काबू पाया जा सकेगा, बल्कि फायरमैन के पदों पर भी नई नियुक्तियों के रास्ते खुलेंगे.
2027 चुनाव और युवाओं पर फोकस
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इतनी बड़ी भर्ती का ऐलान मुख्यमंत्री की एक सोची-समझी रणनीति है. युवाओं को रोजगार के अवसर देकर सरकार अपनी उपलब्धियों को मजबूत करना चाहती है. अब देखना यह होगा कि इन पदों के लिए विज्ञापन कब जारी होता है और आवेदन की प्रक्रिया कब शुरू होती है.
ADVERTISEMENT


