उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनाव से पहले राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज है और हर पार्टी अपने-अपने स्तर पर चुनावी तैयारियों में भी जुट गई है. इसी बीच एक बड़ी जानकारी सामने आई हैं. समाजवादी पार्टी के तीन नेताओं ने चुनाव से पहले झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है. आज यानी 14 अक्टूबर को अमेठी में तीनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली. इस दौरान अभय सिंह ने मंच से समाजवादी पार्टी को छोड़ने की पीछे की वजह भी बताई. विस्तार से जानिए पूरी कहानी
ADVERTISEMENT
इन तीन नेताओं ने बीजेपी किया जॉइन!
अमेठी में एक कार्यक्रम के दौरान अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने स्मृति ईरानी और बीजेपी यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा है. तीनों ही नेताओं ने एक साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली. इस दौरान अभय सिंह ने मंच से अपना संबोधन शुरू किया और साथ ही सपा पर जमकर हमला बोला. साथ ही उन्होंने सपा छोड़ने की वजह भी बताई.
अभय सिंह ने सपा पर लगाए गंभीर आरोप
मंच से संबोधन के दौरान अभय सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी का आचरण पूरी तरह सनातन विरोधी है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी में रामचरितमानस को फाड़ने जैसा काम किया गया है. सपा में जब भी किसी की भर्ती की बात आई तो जानबूझकर सिर्फ एक तरफ के लोगों को ही लिया गया. अभय सिंह यहीं नहीं रुके और उन्होंने दावा किया कि पहले नौकरी उसी को मिलती थी जो चापलूसी करता था.
राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने किन लोगों को आगे बढ़ाया, जबकि इसके मुकाबले भाजपा ने सभी दलों को उचित प्रतिनिधित्व और आगे रखा है. दिल्ली में चल रहे आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन केवल विदेशी फंडिंग के लिए चलाया जा रहा है. नौकरी घोटालों के मुद्दे पर उनका कहना था कि जितने भी घोटाले हुए हैं, उनमें लिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारियां की जा रही हैं.
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या की भोली-भाली जनता को बरगलाकर सांसद चुना गया था, जिसका जवाब आने वाले चुनाव में अयोध्या की जनता लाखों वोटों से देगी. उन्होंने अंत में 'जय श्री राम' के नारे के साथ अपनी बात समाप्त की.
स्मृति ईरानी ने सपा और राहुल गांधी पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि सपने देखने का अधिकार सपा को जरूर है, लेकिन उनके इन सपनों को जनता ही पूरी तरह चूर-चूर कर देगी और उन्हें इस बात का पूरा भरोसा है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने दम पर अमेठी से चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा सकें, वह आज दिल्ली में 14 राजनीतिक दलों का आह्वान कर रहे हैं.
कौन हैं अखिलेश यादव के करीबी पवन पांडेय,जिनको योगी आदित्यनाथ के सामने खड़ा किया!
ADVERTISEMENT


