Uttar Pradesh Mausam: देशभर के कई इलाकों में इस समय भीषण गर्मी और हीट वेव का असर देखने को मिल रहा है. कई राज्यों के अधिकांश हिस्से तेज तपिश की चपेट में हैं. वहीं उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो यहां पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में झुलसाने वाली लू चली और रातें भी बेहद गर्म दर्ज की गईं. प्रदेश में बुंदेलखंड क्षेत्र का बांदा जिला राज्य का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया. यहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. इसी के चलते गौतमबुद्धनगर के जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है. इसके तहत प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों के समय में बदलाव किया है.
गर्मी के चलते स्कूलों के समय में बदलाव
इस आदेश के अनुसार अब गौतमबुद्धनगर जिले के सभी परिषदीय, राजकीय और निजी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही चलेंगे. यह आदेश सभी बोर्ड जैसे CBSE, ICSE, IB और यूपी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा. यह नया समय अगले आदेश तक जारी रहेगा. जिलाधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाए. जिला प्रशासन के मुताबिक, यह फैसला बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि तेज गर्मी और लू से उन्हें बचाया जा सके.
उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में आज यानी 27 अप्रैल को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी, दोनों संभागों में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है. हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ छिटपुट इलाकों में हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना जताई गई है. गर्मी की बात करें तो आज प्रदेश के विभिन्न जिलों में कहीं-कहीं हीट वेव के चलने की आशंका है. IMD के अुनसार आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, और झांसी जैसे मंडलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने का अनुमान है.
क्या है गर्मी की स्थिति और तापमान का हाल
प्रदेश में तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान में भी 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक होने की संभावना है. राज्य के कई हिस्सों, जैसे मेरठ और आगरा मंडलों में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि जारी रहेगी, जिसके बाद 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है. वर्तमान में प्रदेश का सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो राज्य के अन्य हिस्सों की तुलना में थोड़ा कम है.
आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश कैसा रहेगा मौसम
आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है. 28 अप्रैल से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी दी गई है. विशेष रूप से 29 और 30 अप्रैल को बारिश और धूल भरी हवाओं का दायरा बढ़ सकता है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है. दिल्ली से सटे NCR के इलाकों, जैसे गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और मेरठ में भी 29 अप्रैल को 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जो भीषण गर्मी से कुछ समय के लिए राहत दिला सकती हैं.
ADVERTISEMENT


