UPPCS 2024 Result: पिता की किराने की दुकान, बेटी ने रचा इतिहास; अनन्या त्रिवेदी बनीं यूपी में सेकंड टॉपर

यूपीपीएससी 2024 के परिणाम घोषित हो गए हैं. रायबरेली की अनन्या त्रिवेदी ने प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है. एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली अनन्या की यह सफलता संघर्ष और जुनून की मिसाल है.

UPPSC Topper
UPPSC Topper

शैलेंद्र प्रताप सिंह

follow google news

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) 2024 की परीक्षा में रायबरेली की अनन्या त्रिवेदी ने राज्य भर में दूसरा स्थान (2nd Rank) प्राप्त किया है. अनन्या के पिता एक छोटी सी किराने की दुकान चलाते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी.

Read more!

अनन्या ने बताया कि उन्होंने मुख्य रूप से यूपीएससी (UPSC) की तैयारी शुरू की थी. हालांकि, यूपीपीसीएस का यह उनका पहला मेंस और पहला ही इंटरव्यू था. अनन्या के अनुसार, उन्होंने नहीं सोचा था कि वह सेकंड रैंक हासिल करेंगी, उन्हें बस एक अच्छी पोस्ट मिलने की उम्मीद थी. 

माता-पिता का संघर्ष और प्रेरणा

अनन्या अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के कठिन परिश्रम को देती हैं. उनके पिता उन्हें स्कूल छोड़ने और लाने के लिए प्रतिदिन 15 किलोमीटर का सफर तय करते थे, ताकि वह अपनी दुकान और बेटी की पढ़ाई दोनों को संभाल सकें. वहीं, उनकी मां उनके लिए सबसे बड़ी आदर्श हैं. अनन्या की मां खुद टॉपर रही हैं और उन्होंने बचपन में अनन्या को 'रेन एंड मार्टिन' जैसी किताबों से खुद पढ़कर पढ़ाया, ताकि उनके बच्चे अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा में पीछे न रहें. 

तैयारी की रणनीति: सेल्फ स्टडी और डिजिटल माध्यम

अनन्या ने किसी बड़ी कोचिंग के बजाय सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया. उन्होंने बताया कि आज के दौर में संसाधनों की कमी नहीं है; चैट जीपीटी और अन्य डिजिटल माध्यमों से काफी मदद मिलती है. दिलचस्प बात यह है कि अनन्या पिछले एक साल से 'यूपी तक' (UP Tak) की सब्सक्राइबर भी हैं और यूपी स्पेशल पेपर की तैयारी के लिए यहाँ की हेडलाइंस और खबरों से उन्हें काफी मदद मिली. 

भविष्य के लक्ष्य

अनन्या का अगला लक्ष्य यूपीएससी की परीक्षा पास करना है. वह मानती हैं कि प्रशासनिक सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के लिए काम करने का एक बड़ा मंच है. वह जलवायु संकट (Climate Crisis) जैसे मुद्दों पर काम करना चाहती हैं, जो उनके दिल के काफी करीब है. 

 

    follow google news