वाराणसी एयरपोर्ट पर पिस्टल से चली गोली, दो यात्री घायल; मुंबई जाने वाला था यात्री

रोशन जायसवाल

• 11:56 AM • 16 Aug 2026

वाराणसी एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाले आजमगढ़ के एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. गोली फर्श से टकराने के बाद पास खड़े एक युवक के हाथ और महिला की जांघ में लगी.

varanasi
varanasi
Google CTA

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई. गोली फर्श से टकराने के बाद पास खड़े दो लोगों को लग गई. हादसे में एक युवक और एक महिला घायल हो गए.

Read more!

जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ का रहने वाला एक यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने की तैयारी में था. एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल और मैगजीन की जानकारी अधिकारियों को पहले ही दे दी थी.

इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई. गोली सीधे किसी व्यक्ति को लगने के बजाय पहले जमीन से टकराई. इसके बाद गोली के टुकड़े या उछलकर निकला हिस्सा पास मौजूद एक युवक के हाथ और महिला की जांघ में जा लगा.

अचानक गोली चलने से एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत घायलों को संभाला. दोनों को इलाज के लिए हरहुआ क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार यात्री ने अपनी पिस्टल और मैगजीन के बारे में सुरक्षा अधिकारियों को पहले ही जानकारी दी थी. फिलहाल घटना में घायल दोनों यात्रियों का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है. पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली, इसे लेकर जांच की जा रही है.