वाराणसी में एक कांड हो गया है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है. उन्मादी भीड़ ने एक व्यापारी की जान केवल इसलिए ले ली क्योंकि उनकी कार की टक्कर से एक महिला के पैरों पर चोट आ गई. मारपीट से बुरी तरह से घायल व्यापारी मनीष कुमार सिंह की मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया है. उनके परिजन सड़क पर उतर गए हैं और बेटे के लिए इंसाफ मांग रहे हैं. मामले को नियंत्रण में लेने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
ADVERTISEMENT
वाराणसी में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 11 बजे मनीष कुमार सिंह अपनी कार से वाराणसी के फूलपुर थाना इलाके में गुजर रहे थे. इसी दौरान सड़क के किनारे से जा रही महिला कार की चपेट में आ गई. घायल महिला को तत्काल स्थानीय लोगों ने अस्पताल भेजा. इधर कार चालक मनीष पर लोगों का गुस्सा इस कदर भड़क गया कि उन्होंने मनीष को जमकर पीट दिया. मनीष को गंभीर हालत में परिजन बीएचयू ले गए. यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मनीष की मौत की खबर सामने आते ही परिजनों के सिर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. फूलपुर थाना की उस भीड़ पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा जिन्होंने मनीष को पीट-पीटकर घायल कर दिया था. परिजनों ने मनीष को इंसाफ दिलाने के लिए सड़क पर उतर गए. मामला बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. इस मामले में डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने फोन पर बताया कि 8 नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT


