उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी से एक बार फिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मोक्षदायिनी और पवित्र मानी जाने वाली मां गंगा के आंचल को इस बार एक युवक ने अपनी शर्मनाक हरकत से मैला करने की कोशिश की है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे इस वीडियो में एक युवक पवित्र गंगा नदी में स्नान करने (डुबकी लगाने) के दौरान खुलेआम हाथ में बीयर की केन लेकर बीयर गटकता हुआ दिखाई दे रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद वाराणसी के घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है और इंटरनेट पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है.
सुबह का था समय
वायरल वीडियो सुबह के वक्त का बताया जा रहा है, जब घाटों पर अमूमन सैकड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सुबह करीब 5:30 बजे जब अन्य लोग गंगा स्नान कर रहे थे, तभी यह युवक पानी के बीचों-बीच खड़े होकर बीयर पी रहा था. सबसे हैरान करने वाली बात ये थी कि युवक ने अपने बदन पर पवित्र जनेऊ धारण कर रखा था.
जब आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की नजर उसकी इस घिनौनी हरकत पर पड़ी तो उन्होंने उसे तुरंत टोक दिया. लोगों ने जब कैमरे के सामने उससे कड़े सवाल किए और पूछा कि 'ब्राह्मण होकर जनेऊ पहनकर सुबह-सुबह गंगा नदी में बीयर पी रहे हो, तुम्हें समझ नहीं आ रहा?', तो आरोपी युवक सकपका गया और हाथ जोड़कर बेहद सामान्य तरीके से बोलने लगा, 'ठीक है, गलती हो गई, अब नहीं पिएंगे.'
शख्स का नाम है संतोष कुमार
लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवक ने कैमरे के सामने अपना नाम संतोष कुमार बताया. जब लोगों ने उससे कड़ाई से पूछा कि वह कहां से आया है, तो पता चला कि यह युवक बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला है. गंगा की पवित्रता और मर्यादा को तार-तार करने वाला यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वाराणसी प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आस्था पर हुए इस सीधे प्रहार को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद वाराणसी पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है. पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक की मुकम्मल पहचान संतोष कुमार (निवासी रोहतास, बिहार) के रूप में कर ली है.
वाराणसी पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है क्योंकि इससे न सिर्फ कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी गहरी चोट पहुंची है. पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी को पकड़ने के लिए वाराणसी पुलिस की विशेष टीमें बिहार के रोहतास रवाना की जा रही हैं, जहां बिहार पुलिस की मदद लेकर आरोपी संतोष कुमार को बहुत जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. पुलिस का कहना है कि पवित्र गंगा नदी और इसके ऐतिहासिक घाटों पर इस तरह की अभद्रता और गैर-कानूनी गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
ये कोई पहला मामला नहीं
गौरतलब है कि वाराणसी में गंगा नदी के भीतर धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी गंगा के बीचों-बीच चलती नाव पर रोजा इफ्तार करने, बिरयानी खाने के बाद हड्डियों को पवित्र नदी में फेंकने और नाव पर बियर पार्टी करने के वीडियो सामने आ चुके हैं, जिन पर खूब सियासी और सामाजिक बवाल मचा था. पुलिस प्रशासन का कहना है कि घाटों पर सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जाती है और लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से अपील भी की जाती है कि वे मर्यादा बनाए रखें. बहरहाल, जनेऊधारी युवक का यह नया वीडियो सामने आने के बाद घाटों की सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक स्थलों की मर्यादा की निगरानी पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
ADVERTISEMENT


