'मैं पीछे गई, वो फिर दोबारा'...जिस लड़की के सामने मनजीत ने सूर्य प्रताप सिंह को मारी गोलियां, उसने कैमरे पर बताई पूरी कहानी

Varanasi Up College Murder Case: वाराणसी के यूपी कॉलेज में हुए छात्र सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड का सबसे बड़ा राज अब सामने आ गया है. सीसीटीवी में दिखी निडर लड़की शिवानी सिंह ने पूरी घटना का सच बताया है. आखिर गोलीबारी के दौरान वह क्यों नहीं भागी और क्या देखा उसने, जानिए पूरी कहानी.

Varanasi Surya Pratap Singh Murder
Varanasi Surya Pratap Singh Murder

रोशन जायसवाल

follow google news

Varanasi Surya Pratap Singh Murder: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित यूपी कॉलेज में हुए छात्र सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था. इस सनसनीखेज वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें गोलियां चलने के दौरान एक लड़की निडर होकर खड़ी नजर आ रही थी. अब वह चश्मदीद छात्रा शिवानी सिंह खुद कैमरे के सामने आई है. चश्मदीद शिवानी ने अब इस घटना का खौफनाक मंजर बताया है. इसके साथ उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं.आपको बता दें कि इस घटना के बाद से लगातार इस मामले में नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं.

Read more!

आंखों के सामने तड़पता रहा छात्र और चलती रहीं गोलियां

चश्मदीद शिवानी सिंह के मुताबिक, वारदात के वक्त सूर्य प्रताप अपने दोस्त के साथ सीढ़ियों पर खड़े थे. शिवानी उनसे महज एक कदम आगे बढ़ी ही थीं कि अचानक पहली गोली चली. शिवानी बताती हैं कि आरोपी मंजीत चौहान हथियार छिपाकर लाया था, जिसकी वजह से सूर्य प्रताप को संभलने या भागने का एक सेकंड का भी मौका नहीं मिला. पहली गोली मारने के बाद आरोपी एक पल के लिए वहां से हटा, लेकिन फिर वापस आया और सूर्य प्रताप के सिर में गोली दाग दी.

मौके से क्यों नहीं भागी शिवानी?

सीसीटीवी फुटेज में शिवानी को बिना डरे वहां खड़ी दिख रही हैं जिस पर लोग लगातार सवाल उठा रहे थे. अब इस पर सफाई देते हुए शिवानी ने कहा कि वो वहां से इसलिए नहीं भागी क्योंकि वो सूर्य प्रताप को बचाना चाहती थीं. शिवानी ने बताया कि उसे लगा कि शायद पहली गोली के बाद हमलावर रुक जाएगा और मैं उतने में कॉल कर दूंगी. मैं पीछे गई तब तक वो फिर दोबारा आ गया. शिवानी का कहना है कि अगर उस वक्त मौके पर मौजूद कुछ और लोग हिम्मत दिखाते तो शायद आज सूर्य प्रताप सिंह की जान बचाई जा सकती थी. 

कॉलेज प्रशासन की बड़ी लापरवाही

शिवानी ने कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि आखिर एक लड़का कैंपस के अंदर बंदूक लेकर कैसे घुस आया? उसने बताया कि जब चारों तरफ भगदड़ मची थी तब भी वह डरी नहीं क्योंकि उसके पिता ने उसे हर परिस्थिति का डटकर सामना करने की सीख दी है. शिवानी के अनुसार, आरोपी ने उसे और मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी डराने की कोशिश की थी, लेकिन उसका मुख्य निशाना केवल सूर्य प्रताप सिंह ही था.

सीसीटीवी बना सबसे अहम गवाही

सीसीटीवी में कैद ये लड़की जो अब तक केवल एक धुंधली तस्वीर थी अब इस केस की सबसे महत्वपूर्ण गवाह बन चुकी है. उसकी गवाही से आरोपी मंजीत चौहान के तांडव और वारदात की क्रूरता साफ हो गई है. फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मुख्य आरोपी मंजीत चौहान पुलिस की गिरफ्त में है. छात्रा के इन खुलासों ने अब कॉलेज परिसर में छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.

यहां भी पढ़ें: बनारस के UP College में फायरिंग करने वाला चौहान तो गिरफ्तार लेकिन कहां है अनुज ठाकुर?

    follow google news