वाराणसी के यूपी कॉलेज में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद शहर में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. शुक्रवार रात पोस्टमॉर्टम हाउस पर मृतक के पिता ऋषिदेव सिंह ने अपने इकलौते बेटे का शव लेने से इनकार कर दिया. उनका कहना है कि जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, वे बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.
ADVERTISEMENT
'कातिल का एनकाउंटर हो'
बिलखते हुए पिता ने कहा कि उनका बेटा ही उनके परिवार का सहारा था. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "हमारा बेटा चला गया, अब हमारे पास कुछ नहीं बचा. जिसने उसे मारा है, उसका एनकाउंटर होना चाहिए." पिता की इस मांग के चलते देर रात तक पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत होती रही.
'एक ही बेटा था, अब कोई नहीं बचा'
ऋषिदेव सिंह ने बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता चिराग था. उन्होंने कहा कि घटना से एक दिन पहले ही उनकी बेटे से बात हुई थी और तब सब कुछ सामान्य था. अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है.
प्रिंसिपल पर बुलाने का आरोप
मृतक के पिता ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि कॉलेज के प्रिंसिपल ने किसी समझौते के लिए सूर्या को बुलाया था. इसी दौरान उस पर हमला हुआ. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उन्हें पहले किसी विवाद की जानकारी नहीं थी.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, वीडियो वायरल
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. उसके साथी अनुज ठाकुर के खिलाफ भी नामजद केस दर्ज किया गया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी छात्र पर गोली चलाते नजर आ रहा है.
घटना के बाद एहतियात के तौर पर शिवपुर स्थित मृतक के घर और कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
ADVERTISEMENT


