कोचिंग सील होने के बाद Exampur के विवेक सर पढ़ाते-पढ़ाते कैमरे पर ही फूट-फूटकर लगे रोने, बोले- 'कर्ज देने वाले जान ले लेंगे...'

प्रयागराज में 'एग्जामपुर' के शिक्षक विवेक कुमार के भावुक वीडियो सामने आया है, जिसमें कोचिंग सेंटर सील होने के बाद वो फूट फूट कर रोते नजर आ रहे हैं.

एग्जामपुर कोचिंग वाले विवेक सर
एग्जामपुर कोचिंग वाले विवेक सर

गौरव कुमार पांडेय

follow google news

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक बेहद भावुक करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो किसी और का नहीं बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले मशहूर कोचिंग संस्थान 'एग्जामपुर' (Exampur) के शिक्षक विवेक कुमार (विवेक सर) का है. विवेक सर कल जब ऑनलाइन क्लास में बच्चों को पढ़ा रहे थे, तो अचानक वो कैमरे के सामने ही फूट-फूटकर रो पड़े और अपना दर्द बयां करते हुए प्रशासन से हाथ जोड़कर गुहार लगाने लगे.

Read more!

क्या है पूरा मामला? क्यों रो पड़े विवेक सर?

प्रयागराज में कल ऑनलाइन क्लास लेते हुए विवेक सर वीडियो के आखिरी सेक्शन में काफी ज्यादा भावुक हो गए और रोने लगे. उन्होंने रोते हुए बताया कि प्रयागराज प्रशासन द्वारा उनके कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग को सील कर दिए जाने के बाद से वो पूरी तरह टूट चुके हैं. 

विवेक सर ने अपनी मजबूरी और दर्द बयां करते हुए कहा:

"आप मुझसे नफरत कर लीजिए, जेल में डाल दीजिए... पर मेरा काम मत बंद कीजिए. मैं डेली कमाऊंगा, तभी कर्ज चुका पाऊंगा, नहीं तो कर्ज देने वाले मेरी जान ले लेंगे. तीन-तीन, चार-चार साल से मैं घर नहीं गया हूं. आप नहीं समझेंगे कि मेहनत करके कैसे एक-एक चीज को जोड़ा जाता है."

 

 

विवेक सर ने यह भी बताया कि बिल्डिंग सील होने के बाद जब वह ऑनलाइन क्लास जारी रखने के लिए किराए पर स्टूडियो ढूंढ रहे हैं, तो लोग उन्हें स्टूडियो देने से मना कर रहे हैं या किराए लेकर भी हटा दे रहे हैं. उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे सबने उनका साथ छोड़ दिया है.

बच्चों के भविष्य और रोज़ी-रोटी की चिंता

विवेक सर की इस भावुकता के पीछे एक बड़ी वजह आगामी परीक्षाएं और उनके संस्थान से जुड़े लोगों का रोजगार भी है.

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: जून महीने की 8, 9 और 10 तारीख को यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की परीक्षा होनी है, जिसमें करीब 32,000 पदों के लिए 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है. एग्जामपुर विशेष रूप से पुलिस भर्तियों की तैयारी के लिए जाना जाता है और बच्चे लगातार उनसे पढ़ रहे हैं.

स्टाफ की रोज़ी-रोटी: विवेक सर ने अपील करते हुए कहा कि उनके संस्थान से करीब 150 से 300 लोगों की रोज़ी-रोटी जुड़ी हुई है.

प्रशासन ने क्यों सील की एग्जामपुर की बिल्डिंग?

प्रयागराज प्रशासन और अग्निशमन (फायर) विभाग ने 31 मई को इस बिल्डिंग का निरीक्षण किया था, जिसके बाद सुरक्षा मानकों में भारी कमियां पाते हुए इसे सील कर दिया गया. अग्निशमन विभाग द्वारा बिल्डिंग के बाहर चिपकाए गए नोटिस में 7 मुख्य आपत्तियां जताई गई हैं:

  • बेसमेंट में कक्षाएं: जीव रक्षा के दृष्टिकोण से बेसमेंट में कक्षाओं का संचालन पूरी तरह आपत्तिजनक पाया गया.
  • ज्वलनशील सामग्री: बेसमेंट में स्टाफ और छात्रों के रहने व क्लास के लिए प्लाईवुड और पीवीसी (PVC) का इस्तेमाल किया गया था, जो अत्यंत ज्वलनशील है.
  • निकास मार्ग बाधित: भवन के एग्जिट गेट पर लोहे के चैनल शटर पर ताला लगाकर रास्ता रोका गया था.
  • जनरेटर की गलत पोजीशन: निकास मार्ग पर ही जनरेटर स्थापित कर रास्ता बाधित किया गया था. 
  • खिड़कियां और बालकनी बंद: भवन की खिड़कियों और बालकनियों को पीवीसी/एक्रिलिक शीट से पूरी तरह बंद कर दिया गया था, जो फायर सेफ्टी के खिलाफ है.
  • इलेक्ट्रिकल सेफ्टी सर्टिफिकेट की कमी: उत्तर प्रदेश विद्युत सुरक्षा निदेशालय से जरूरी विद्युत सुरक्षा ऑडिट प्रमाण पत्र नहीं पाया गया. 
  • नेशनल बिल्डिंग कोड का उल्लंघन: नेशनल बिल्डिंग कोड (NBC 2005/2016) के तहत अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाएं संचालित नहीं थीं. 

प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी (PDA) और फायर विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई के कारण फिलहाल बिल्डिंग में पूरी तरह आवागमन बंद है. 

सोशल मीडिया और राजनीति में मची हलचल

विवेक सर का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है. छात्र तो उनके समर्थन में आ ही रहे हैं, साथ ही तमाम राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और युवाओं की आवाज़ उठाने वाले लोग भी इस वीडियो को शेयर कर प्रशासन और सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि इस भावुक अपील और चौतरफा दबाव के बाद क्या प्रशासन विवेक सर को राहत देता है या छात्रों की पढ़ाई बीच में ही रुकी रहेगी.

 

    follow google news