Tajmahal Viral Video: घूमने निकलते समय हर कोई यही चाहता है कि यात्रा आरामदायक और यादगार रहे, लेकिन अगर घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़े और व्यवस्थाएं ठीक न मिलें तो पूरा एक्सपीरियंस खराब हो जाता है. कुछ ऐसा ही हुआ एक विदेशी महिला टूरिस्ट के साथ. उनका कहना है कि उन्होंने महंगा टिकट खरीदा फिर भी उन्हें कोई खास सुविधा नहीं मिली. नाराज होकर उन्होंने एक वीडियो बनाया जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
ADVERTISEMENT
ज्यादा पैसे लेकिन सुविधा कम?
देश के ऐतिहासिक स्मारकों में भारतीय और विदेशी पर्यटकों के टिकट अलग-अलग कीमत पर मिलते हैं. ताजमहल देखने के लिए विदेशी सैलानियों को 1100 रुपये देने होते हैं जिसमें 500 रुपये रोड टैक्स शामिल है. वहीं भारतीयों के लिए टिकट सिर्फ 50 रुपये का है जिसमें 10 रुपये पथकर है. अगर कोई मुख्य मकबरे तक जाना चाहता है तो भारतीय और विदेशी दोनों को ही 200 रुपये ज्यादा देने पड़ते हैं.
34 सेकेंड का वीडियो हुआ वायरल
इसी का जिक्र करते हुए शनिवार को एक विदेशी महिला ने ताजमहल के फोरकोर्ट में 34 सेकेंड का वीडियो रिकॉर्ड किया जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया. वीडियो में वह कहती नजर आती हैं कि जब विदेशी पर्यटकों से ज्यादा पैसे लिए जाते हैं तो उनके लिए अलग लाइन भी होनी चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि लंबी लाइन में इंतजार करते-करते उनके एक साथी और उनके बुजुर्ग पिता की तबीयत बिगड़ने लगी. महिला का मानना है कि ऐसी व्यवस्था को सुधारा जा सकता है लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा.
प्रशासन का क्या कहना है?
अधिकारियों का कहना है कि वीडियो उनके ध्यान में आ चुका है. उनके मुताबिक आम तौर पर टिकट काउंटर और एंट्री गेट पर विदेशी पर्यटकों के लिए अलग लाइन होती है. हालांकि महिला किस लाइन में खड़ी थीं इसका जिक्र वीडियो में साफ नहीं है. यह भी हो सकता है कि उन्हें सुरक्षा जांच या बैटरी कार के इंतजार में कतार में लगना पड़ा हो.
सुविधाओं का वादा अब तक अधूरा?
पर्यटन से जुड़े लोगों का कहना है कि जब टिकट की कीमत बढ़ाई गई थी तब विदेशी सैलानियों को बेहतर सुविधाएं देने की बात कही गई थी. इसमें अलग लाइन, मुफ्त पानी की बोतल, शू कवर और बैटरी कार जैसी सेवाएं शामिल थीं. लेकिन हकीकत में इन व्यवस्थाओं को अभी तक पूरी तरह लागू नहीं किया जा सका है.
ये भी पढ़ें: बाराबंकी: फेरे हुए, रस्में पूरी हुईं... लेकिन विदाई से पहले खुल गया दूल्हे का वो राज जिसने मचा दिया हड़कंप
ADVERTISEMENT

