Twisha Sharma Case Update: नोएडा की ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब दो बेहद रसूखदार परिवारों के बीच की बड़ी कानूनी और सामाजिक जंग बन चुका है. एक तरफ देश की सेवा में तैनात सेना के अफसर का परिवार है तो दूसरी तरफ मध्य प्रदेश न्यायपालिका की पूर्व जज का रसूख. ट्विशा की मौत के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच गंभीर आरोपों का दौर जारी है. जहां लड़की के मायके वाले इसे उत्पीड़न और हत्या का मामला बता रहे हैं, वहीं लड़के पक्ष की तरफ से मृतका पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
ADVERTISEMENT
कौन हैं पूर्व रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह?
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वो है उनकी सास गिरीबाला सिंह. गिरीबाला सिंह मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा की एक बेहद वरिष्ठ अधिकारी रह चुकी हैं. वह 15 जुलाई 2021 से लेकर 28 फरवरी 2023 तक प्रधान जिला एवं स्थानीय न्यायाधीश (डिस्ट्रिक्ट जज) के पद पर कार्यरत रही हैं. न्यायपालिका में उनका एक लंबा और रसूखदार अनुभव रहा है, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण और बड़े मामलों में फैसले सुनाए हैं.
पूर्व जज ने खुद को बताया शहीद की पत्नी
ट्विशा के मायके वालों का आरोप है कि गिरीबाला सिंह पूर्व जज होने के नाते अपने प्रशासनिक और कानूनी रसूख का इस्तेमाल कर मामले को दबा रही हैं और उन्हें तुरंत अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) मिल गई. इन आरोपों पर पलटवार करते हुए गिरीबाला सिंह ने भावुक कार्ड खेला है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जो लोग फौज की बात कर रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि उनकी खुद की कई पीढ़ियां सेना में रही हैं. उन्होंने बताया कि उनके पति मणिपुर में चुनाव के दौरान बैलेट बॉक्स ले जाते समय शहीद हुए थे. इसके अलावा उनके भाई पैरा कमांडो रहे हैं और कारगिल युद्ध से लेकर कुपवाड़ा और श्रीलंका मिशन तक देश के लिए लड़ चुके हैं.
मृतका ट्विशा शर्मा का पारिवारिक बैकग्राउंड
संदिग्ध हालात में जान गंवाने वाली ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं. उन्होंने एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था. ट्विशा का परिवार भी काफी प्रतिष्ठित है. उनके पिता उज्बेकिस्तान में एक बड़ी फार्मा कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनका सगा भाई भारतीय सेना में 'मेजर' के पद पर देश की सेवा कर रहा है. ट्विशा ने पेशे से वकील समर सिंह से शादी की थी, जिसके बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ.
सास का संगीन दावा: ड्रग्स और गांजे की एडिक्ट थी बहू
इस पूरे मामले में उस समय सबसे बड़ा मोड़ आया जब पूर्व जज गिरीबाला सिंह ने अपनी मृत बहू पर बेहद संगीन आरोप मढ़ दिए. उन्होंने सरेआम कहा कि ट्विशा शर्मा ड्रग्स की आदी थी और भारी मात्रा में गांजे (मैरुआना) का सेवन करती थी. गिरीबाला सिंह का आरोप है कि लड़की का परिवार सेना के नाम का गलत इस्तेमाल करके पुलिस और प्रशासन पर दबाव बना रहा है. उन्होंने कहा कि मीडिया ट्रायल के जरिए उनकी छवि को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की जा रही है, जबकि उन्हें कोर्ट से पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत बेल मिली है.
मुख्य आरोपी पति समर सिंह फरार, पुलिस ने रखा इनाम
इस हाई-प्रोफाइल केस में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ट्विशा की मौत के बाद से ही उसका पति समर सिंह, जो खुद पेशे से वकील है, लगातार फरार चल रहा है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और उस पर इनाम भी घोषित कर चुकी है. सबसे दुखद बात यह है कि दोनों परिवारों की इस रसूख की लड़ाई के बीच, खबर लिखे जाने तक मृतका ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार भी नहीं हो सका है. एक पूर्व जज सास और सेना के मेजर भाई के बीच छिड़ी यह जंग अब पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुकी है.
ADVERTISEMENT


