कौन है लखनऊ यूनिवर्सिटी का प्रोफसर परमजीत सिंह, जिसने छात्रा को कमरे पर बुलाने के लिए लीक कर दिया परीक्षा का पेपर!

लखनऊ विश्वविद्यालय के एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा को परीक्षा का पेपर लीक करने का झांसा देकर अकेले कमरे में बुलाने और अश्लील बातचीत करने के आरोप लगे हैं.

लखनऊ यूनिवर्सिटी से आया हैरान करने वाला मामला
लखनऊ यूनिवर्सिटी से आया हैरान करने वाला मामला

शिवानी गोस्वामी

follow google news

Lucknow University Viral Audio: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) से शिक्षा जगत को शर्मसार कर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां के एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा को परीक्षा का पेपर लीक करने का लालच देकर अकेले में कमरे पर बुलाने और अश्लील बातचीत करने के संगीन आरोप लगे हैं. मामले का कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

'डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है...'

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह एक छात्रा पर छुट्टी से जल्दी वापस आने का दबाव बनाते सुने जा रहे हैं. ऑडियो में प्रोफेसर कथित तौर पर छात्रा से कह रहे हैं- "डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है. एग्जाम से पहले घर से आ जाओ, पेपर तुम्हें दे देता हूं. बस मुझे डिच मत करना, सब कुछ रेडी है तुम्हारे लिए."

इतना ही नहीं, ऑडियो में प्रोफेसर को यह भी कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने छात्रा के लिए इम्यूनोजेनेटिक्स और जेनोमिक्स के दोनों पेपर आउट करके रखे हैं और वे उसके लिए कुछ भी करने को तैयार हैं.

यूनिवर्सिटी कैंपस में भारी हंगामा और नारेबाजी

ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया. छात्रों ने प्रोफेसर को तत्काल निलंबित करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की. हैरान करने वाली बात यह रही कि जब पुलिस आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार करने पहुंची, तो वहां मौजूद आक्रोशित छात्रों ने उनके खिलाफ तीखी नारेबाजी की.

हसनगंज थाने में केस दर्ज

इस पूरे मामले में पीड़ित छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को आपबीती बताई. इसके बाद शुक्रवार की देर शाम विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी की तहरीर पर हसनगंज कोतवाली थाने में आरोपी प्रोफेसर परमजीत सिंह के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

अंदरूनी राजनीति का दावा

पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद प्रोफेसर परमजीत सिंह ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका दावा है कि विश्वविद्यालय की अंदरूनी राजनीति (Internal Politics) के चलते उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और फंसाया जा रहा है.

दूसरी तरफ, विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले पर कड़ा रुख अख्तियार किया है. यूनिवर्सिटी ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि संस्थान की गरिमा और शैक्षणिक माहौल को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वे इस पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हैं. वाइस चांसलर (VC) जेपी सैनी ने आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को पूरे मामले की जांच सौंपते हुए 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है.

यहां देखें पूरी Video:

 

    follow google news