राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर 24 जुलाई को आयोजित छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर छेड़छाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है. यह आरोप उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से पूर्व भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक विक्रम सिंह की बेटी यशस्वी राजे सिंह ने लगाए हैं. यशस्वी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए एक अज्ञात शख्स पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरी घटना का खुलासा किया है. वहीं, इस मामले पर जब उनके पिता और पूर्व विधायक विक्रम सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
भीड़ और भगदड़ के बीच गलत तरीके से छूने का आरोप
यशस्वी राजे सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में दावा किया है कि घटना के समय वह छात्रों के प्रदर्शन के दौरान अपनी बहन के साथ मंच के पास मौजूद थीं. जब वे दोनों भीड़ के बीच से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थीं, तभी वहां लगा एक बैरिकेड गिर गया और अचानक भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. यशस्वी का आरोप है कि इसी आपाधापी का फायदा उठाते हुए उनके पीछे खड़े एक शख्स ने उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश की और उनके साथ जबरदस्ती गलत हरकतें करने लगा.
विरोध करने पर आरोपी को मारे थप्पड़, वॉलंटियर्स ने पीड़िता को ही डांटा
इस घटना के तुरंत बाद यशस्वी ने हिम्मत दिखाते हुए उस शख्स का कड़ा विरोध किया और उसे तीन थप्पड़ जड़ दिए. हालांकि, यशस्वी का गंभीर आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने या रोकने के बजाय उल्टे उन्हें ही डांटना शुरू कर दिया. यशस्वी के मुताबिक, एक पुरुष वॉलंटियर उन पर वहां मौजूद होने को लेकर लगातार चिल्लाता रहा, जबकि दूसरे वॉलंटियर ने कथित तौर पर यह कहकर मामले को टालने की कोशिश की कि 'ऐसी गलतियां तो होती रहती हैं'. इस घटना के सामने आने के बाद अब सोशल मीडिया पर इसकी तीखी चर्चा हो रही है.
लाइफस्टाइल और डाइट को लेकर पहले भी चर्चा में रही हैं यशस्वी राजे
यह पहला मौका नहीं है जब यशस्वी राजे सिंह सोशल मीडिया पर चर्चा में आई हैं. करीब दो महीने पहले भी वह अपनी लाइफस्टाइल और तस्वीरों को लेकर सुर्खियों में रही थीं. उस दौरान सोशल मीडिया पर वायरल कुछ पोस्ट्स में यह दावा किया गया था कि वह अपनी डाइट में बीफ (गोमांस) शामिल करती हैं, जिसे लेकर काफी बवाल मचा था. अब जंतर-मंतर पर हुई इस कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद उनका इंस्टाग्राम पोस्ट एक बार फिर सार्वजनिक बहस और चर्चा का केंद्र बन गया है.
पिता पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने कहा- 'घटना की जानकारी नहीं'
इस पूरे घटनाक्रम पर जब पूर्व बीजेपी विधायक विक्रम सिंह से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस कथित घटना की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में यशस्वी की मां ही अधिक जानकारी दे सकती हैं.
आपको बता दें कि, विक्रम सिंह फतेहपुर सदर विधानसभा सीट से पूर्व में विधायक रह चुके हैं. उनका जन्म 20 मई 1967 को आगरा में हुआ था और उनके पिता स्वर्गीय आर. के. सेंगर पूर्व रक्षा अधिकारी थे. प्रयागराज के ईवन क्रिश्चियन कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही वे छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और 1987 में साइंस साइड से अध्यक्ष चुने गए थे. छात्र राजनीति के दौरान उनका परिचय पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा और पूर्व प्रधानमंत्री वी. पी. सिंह से हुआ था. बाद में वह बीजेपी नेता चंद्रास्वामी के ट्रस्ट से जुड़े और वर्ष 2010 में नितिन गडकरी की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए. वह 2014 के उपचुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में फतेहपुर सदर सीट से जीतकर विधायक बने थे.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


