गाजियाबाद में आफत की बारिश! वसुंधरा में अचानक धंसी सड़क, गड्ढे में समाई कार की तस्वीर हो रही वायरल

मयंक गौड़

• 02:53 PM • 09 Jul 2026

Ghaziabad Rain News: गाजियाबाद में लगातार हो रही बारिश के बीच वसुंधरा के अटल चौक पर अचानक सड़क धंस गई, जिससे एक टाटा पंच कार और स्कूटी गहरे गड्ढे में समा गईं. घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लगातार हो रही भारी बारिश अब हादसों का सबब बनने लगी है. गुरुवार सुबह वसुंधरा इलाके के अटल चौक पर एक बड़ा हादसा होने से बच गया. यहां अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिसकी चपेट में आने से एक टाटा पंच कार और एक स्कूटी सीधे गहरे गड्ढे में समा गईं. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

Read more!

निर्माण कार्य और बारिश ने बढ़ाई मुसीबत

हादसे की मुख्य वजह घटना स्थल के पास चल रहा निर्माण कार्य बताया जा रहा है. निर्माण कार्य के कारण वहाँ की मिट्टी पहले से ही काफी ढीली हो चुकी थी. गुरुवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के पानी ने मिट्टी को और कमजोर कर दिया, जिससे वह अचानक खिसक गई और पूरी सड़क नीचे धंस गई.

मौके पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने रोका रास्ता

सड़क धंसने के वक्त वहां से गुजर रही एक टाटा पंच कार और स्कूटी सीधे उस मलबे और गड्ढे के अंदर चली गईं. यह नजारा देखकर आस-पास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोक दिया, ताकि कोई और वाहन इसकी चपेट में न आ सके.

क्रेन की मदद से बाहर निकाली गई कार

गड्ढा काफी गहरा होने के कारण कार को सामान्य तरीके से बाहर निकालना मुमकिन नहीं था. इसके लिए प्रशासन द्वारा एक बड़ी हाइड्रोलिक क्रेन को मौके पर बुलवाया गया. क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे कार को सुरक्षित तरीके से गड्ढे से खींचकर बाहर निकाला गया.

 

शहर के कई इलाकों में मंडरा रहा है खतरा

गाजियाबाद में आफत बनी यह बारिश सिर्फ वसुंधरा तक ही सीमित नहीं है. शहर के कई अन्य इलाकों से भी लगातार सड़क धंसने और बड़े-बड़े गड्ढे होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. विशेष रूप से जिन जगहों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहाँ खतरा और ज्यादा बढ़ गया है क्योंकि बारिश का पानी मिट्टी को लगातार अंदर से खोखला कर रहा है.

प्रशासन के सामने कड़ी चुनौती

लगातार जारी बारिश ने स्थानीय प्रशासन की चिंताओं को बढ़ा दिया है. बारिश न थमने के कारण राहत और मरम्मत के काम में भी मुश्किलें आ रही हैं. फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित हिस्से को ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं.