NEET Student Kota: राजस्थान के कोटा में एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षा के दबाव ने एक और छात्र की जान ले ली. यहां NEET परीक्षा से ठीक एक दिन पहले ही उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले 20 साल के छात्र दीक्षित ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी. यह पूरी घटना हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. बताया जा रहा है कि छात्र पिछले दो साल से कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. अब इस घटना की जानकारी मिलने के बाद से दीक्षित के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. उनके परिवार वालो का रो-रो कर बुरा हाल है.
ADVERTISEMENT
सुबह पांच बजे तक सब सामान्य था
जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 5 बजे तक हॉस्टल में सब कुछ सामान्य था. हॉस्टल में लगे सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दीक्षित अपने हेडफोन लगाकर गली में टहल रहा है. इस बीच उसने अपनी पानी की बोतल भरता हुआ नजर आ रहा है. वीडियो वो शांत नजर आ रहा है. लेकिन बताया जा रहा है कि इसके कुछ ही देर बाद दीक्षित हॉस्टल की छठी मंजिल पर गया. इसके बाद उसने यहां से नीचे छलांग लगा दी.
दीक्षित ने नोट में लिखीं ये सब बातें
पुलिस को छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें पढ़ाई और उम्मीदों का भारी दबाव साफ नजर आता है. दीक्षित ने अपने नोट में माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि वह उनके भरोसे पर खरा नहीं उतर पाया. उन्होंने नोट में लिखा, ''मैं परिवार की कसौटी पर खरा नहीं उतर पाया. ऐसी पढ़ाई नहीं कर पाया जिससे NEET में चयन हो सके. मम्मी-पापा सॉरी…दोस्तों सहयोग के लिए धन्यवाद.'' नोट में अपराधबोध और अपेक्षाओं का बोझ साफ नजर आता है.
पिता को नहीं था तनाव का अंदाजा
छात्र के पिता भूपेंद्र प्रसाद इस खबर से गहरे सदमे में हैं क्योंकि उन्हें बेटे की बातों से कभी ऐसा नहीं लगा कि वो किसी दबाव में है. उन्होंने बताया कि 1 मई को उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी और तब सब कुछ ठीक था. दीक्षित तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसके पिता उसे NEET की परीक्षा के लिए लेने कोटा आने वाले थे. परिवार को यकीन ही नहीं हो रहा कि जो बेटा पढ़ाई में ठीक था वह अचानक ऐसा घातक कदम उठा लेगा.
पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
कुन्हाड़ी थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. थानाधिकारी देवेश भारद्वाज के मुताबिक शुरुआत में छात्र के गिरने की जानकारी मिली थी लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यह साफ हो गया कि यह आत्महत्या का मामला है. पुलिस अब सुसाइड नोट और छात्र के पिछले कुछ दिनों के रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि मौत की असली वजहों की गहराई से पड़ताल की जा सके. यह दुखद घटना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़ा करती है.
ADVERTISEMENT


