मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ में पार्टी के बूढ़े नेताओं पर तंज कसने वाले संजय गुप्ता कौन हैं? जिनके बयान ने प्रदेश में मचाई हलचल

मुदित अग्रवाल

22 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 22 2026 7:10 PM)

BJP Ex MLA Sanjay Gupta Viral Video: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करीबी माने जाने वाले बीजेपी के पूर्व विधायक संजय गुप्ता का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. धामी की खुलकर तारीफ करते हुए उन्होंने अपनी ही पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं पर तीखा कटाक्ष किया, जिसके बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं.

सीएम धामी के समर्थन में पूर्व विधायक संजय गुप्ता का बड़ा बयान
सीएम धामी के समर्थन में पूर्व विधायक संजय गुप्ता का बड़ा बयान
Google CTA

Sanjay Gupta Viral Video: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बेहद करीबी माने जाने वाले भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक संजय गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे मुख्यमंत्री धामी के समर्थन में अपनी बात रखते हुए अपनी ही पार्टी के कुछ बड़े नेताओं पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं. वीडियो के सामने आने के बाद से प्रदेश की राजनीति में हलचल मची हुई. क्या है पूरा मामला? कौन हैं संजय गुप्ता और वायरल वीडियो में उन्होंने क्या क्या कहा, चलिए विस्तार से जानते हैं.

Read more!

पहले जानें उन्होंने क्या कहा?

दरअसल, यह वीडियो हरिद्वार में आयोजित हुए एक आम महोत्सव कार्यक्रम का बताया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए कहा कि 'अभी तो धामी जी के दूध के दांत भी नहीं टूटे हैं और वे आने वाले 5 से 6 कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे.' इसी बयान के साथ उन्होंने अपनी पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 'बूढ़े लोग षड्यंत्र रच रहे हैं.' उनका यह बयान सामने आते ही क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.

कौन हैं BJP के पूर्व MLA संजय गुप्ता?

आपको बता दें कि संजय गुप्ता दो बार विधायक रह चुके हैं. उन्हें भारतीय जनता पार्टी के एक सक्रिय और बेबाक वरिष्ठ कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत साल 1986 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी. इसके बाद 1991 से 1996 तक वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रहे और 1996 से 1998 तक विभाग संयोजक की जिम्मेदारी संभाली. आगे चलकर वे युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री और फिर भाजपा के प्रदेश मंत्री पद पर भी रहे.

लक्सर विधानसभा क्षेत्र से वे चार बार चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें 2007 में उन्हें बेहद कम अंतर से हार मिली थी. इसके बाद 2012 और 2017 के चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की, लेकिन 2022 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. वर्तमान में वे मुख्यमंत्री के नजदीकियों में गिने जाते हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए लक्सर सीट से अपनी तैयारियां कर रहे हैं.

बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं संजय गुप्ता

संजय गुप्ता अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. इस बार भी अपने इस बयान को लेकर वे अचानक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं. अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को लेकर दिए गए उनके इस बयान के बाद से राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है और लोग इस वायरल वीडियो पर अलग-अलग तरह से अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें: NIFT पासआउट, UCLA से पढ़ाई... जानें कौन हैं देहरादून में पेड़ कटाई के विरोध में सिर मुंडवाने वाली महिला 'माना'