उत्तराखंड के चमोली जिले में आयोजित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम में एक ऐसा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री धामी की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि उनकी विधानसभा में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं.
ADVERTISEMENT
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्षी दलों के विधायकों के साथ भेदभाव किया जाता है, लेकिन उनकी विधानसभा में ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में विकास कार्य कराए गए हैं, जिसके लिए वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हैं.
कांग्रेस विधायक की इस टिप्पणी के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया. विपक्षी विधायक द्वारा मुख्यमंत्री की खुले मंच से की गई प्रशंसा पूरे कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बन गई.
मुख्यमंत्री की सभा में उमड़ी भीड़
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे थे. गोपेश्वर के पुलिस मैदान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचे. कार्यक्रम स्थल लोगों से खचाखच भरा नजर आया और मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला.
चमोली को 155 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने चमोली जिले के लिए 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है.
इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन, खेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं, जिन्हें जिले के समग्र विकास के लिए अहम माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT


