नालापानी चौक पर महिला को कार में बैठाने की कोशिश, पुलिस ने 19 साल की चाहत को किया अरेस्ट, जानें उसने क्यों रची थी ये साजिश?

सागर शर्मा

• 11:42 AM • 27 Sep 2026

Dehradun News : देहरादून के रायपुर में महिला के अपहरण के प्रयास ने सनसनी फैला दी. सुबह-सुबह नालापानी चौक पर घटी इस वारदात के पीछे 11 गायों की डेयरी का लेनदेन निकला. पुलिस ने 19 वर्षीय युवती को पकड़ा है, जबकि 4 आरोपी फरार हैं. जानिए दूध के धंधे में हुए इस खेल की पूरी कहानी.

जबरन गाड़ी में बिठाने के मामले में पुलिस ने चाहत उर्फ अन्नू को किया अरेस्ट
जबरन गाड़ी में बिठाने के मामले में पुलिस ने चाहत उर्फ अन्नू को किया अरेस्ट
Google CTA

देहरादून के रायपुर इलाके के नालापानी चौक पर एक महिला को जबरन कार में बैठाने के मालमे में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाते हुए एक 19 साल की युवती को हिरासत में ले लिया है. वहीं, इस घटना में शामिल चार अन्य लोग अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. क्या है पूरा मामला, मामले में 19 साल की युवती नाम क्यों आया सामने, उसपर क्या लगे हैं आरोप, चलिए विस्तार से जानते हैं इस खबर में.

Read more!

पहले जानिए पूरा मामला क्या है?

मामला 23 सितंबर की सुबह करीब 6 बजकर 50 मिनट का है. यहां सुषमा वर्मा नामक एक महिला नालापानी चौक से गुजर रही थीं. तभी अचानक एक काले रंग की स्विफ्ट कार उनके पास आकर रुकी. कार सवार लोगों ने उन्हें जबरदस्ती गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की. ऐसे में महिला ने तुरंत चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया. राहगीरों और स्थानीय लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपी घबरा गए और गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए. इसके बाद पीड़ित महिला ने तुरंत रायपुर थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

आरोपियों को पकड़ने के लिए एसएसपी देहरादून ने थाना रायपुर और एसओजी देहात की एक संयुक्त टीम का गठन किया. पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया. इसके बाद आसपास के सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज की मदद से पुलिस को संदिग्धों और इस्तेमाल की गई काली स्विफ्ट कार के बारे में अहम सुराग मिले. कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही.

26 सितंबर को हत्थे चढ़ी 19 साल की चाहत

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 26 सितंबर को सहस्रधारा रोड से एक युवती को हिरासत में लिया. पकड़ी गई युवती की पहचान 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू के रूप में हुई. पुलिस पूछताछ में युवती ने जो बातें बताईं, उनसे इस पूरी वारदात का सच सामने आ गया. पूछताछ में पता चला कि इस वारदात के पीछे बिजनेस का विवाद बताया गया.

11 गायों की डेयरी और 7.5 लाख का सौदा

पूछताछ में सामने आया कि चाहत उर्फ अन्नू और उसका साथी दीपक पासवान एक साथ नया बिजनेस शुरू करना चाहते थे. दोनों ने अठूरवाला भानियावाला इलाके में एक डेयरी चलाने का मन बनाया. इसके लिए उन्होंने सुषमा वर्मा से 11 गायों वाली डेयरी का सौदा किया. यह पूरा सौदा 7 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ था. आरोपियों ने सुषमा को 5 लाख रुपये नकद दिए थे और बाकी के 2 लाख 50 हजार रुपये का चेक सौंपा था.

दूध की मात्रा कम निकलने पर बढ़ा विवाद

आरोपियों का दावा है कि सौदा करते समय उन्हें बताया गया था कि ये गायें रोज लगभग 150 लीटर दूध देती हैं. लेकिन जब उन्होंने काम संभाला, तो दूध की मात्रा दावे से काफी कम निकली. इससे उन्हें व्यापार में नुकसान होने लगा. खुद को ठगा महसूस करने पर चाहत और दीपक ने अपने दिए हुए पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच अनबन शुरू हो गई और विवाद काफी बढ़ गया.

डराने के लिए किराए पर ली गई थी कारगी चौक से कार

पैसे वापस न मिलने पर आरोपियों ने महिला को डराने-धमकाने की साजिश रची. इस वारदात को अंजाम देने के लिए कारगी चौक के पास से एक काले रंग की स्विफ्ट कार किराए पर ली गई. 23 सितंबर की सुबह आरोपी इसी कार से सुषमा की तलाश में सहस्रधारा रोड पहुंचे थे. उनका इरादा महिला को डराकर अपने पैसे वसूलने का था, लेकिन महिला की सतर्कता के कारण उनकी योजना फेल हो गई.

1 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, 4 की तलाश में दबिश जारी

एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया. पुलिस ने 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में शामिल दीपक, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु को नामजद कर वांछित घोषित किया गया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार चारों आरोपियों की संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही हैं.

यह भी पढ़ें:बद्रीनाथ धाम में प्रियंका मेहर के कार्यक्रम पर विवाद के बाद प्रशासन का बड़ा फैसला, अब बदल गए ये नियम