Dehradun Road Accident: देहरादून के दूरस्थ क्षेत्र त्यूणी से सड़क हादसे का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है. 22 सेकेंड के इस वीडियो में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकराती है और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरती है. हादसे के दौरान कार में गाने की आवाज भी सुनाई दे रही है. बताया जा रहा है कि कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
ADVERTISEMENT
कैमरे में दर्ज हुआ खौफनाक वीडियो
वीडियो में कार पहाड़ी सड़क पर आगे बढ़ती नजर आती है. कुछ ही सेकेंड बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो देता है और कार पोल से टकराने के बाद खाई में गिर जाती है. देखते ही देखते सफर का माहौल बदल जाता है और पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो जाती है. हादसे के वक्त गाड़ी के अंदर अफरा-तफरी मच गई. कार में सवार लोग अपनी जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे. गाड़ी के कैमरे में कैद हुई इन खौफनाक आवाजों से हादसे की भयावहता का अंदाजा साफ लगाया जा सकता है. इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए टीम खाई में उतरी. वहां क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. तस्वीरों और विजुअल्स में रेस्क्यू टीम घायलों को बचाते हुए नजर आ रही है.
एक की मौत, दो गंभीर घायल
इस भीषण दुर्घटना में कार सवार 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं गाड़ी में फंसे अन्य दो लोग, 27 वर्षीय सुनील मंडल और ऋषिकेश निवासी ऋषभ बुरी तरह घायल हो गए. रेस्क्यू टीम ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा, जबकि मृतक के शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
2 अक्टूबर को चिल्लाड़ के पास हुई घटना
बताया जा रहा है कि यह हादसा बीते 2 अक्टूबर को चिल्लाड़ के पास चकराता मोटर मार्ग पर हुआ था. एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी को सूचना मिली थी कि यूपी नंबर की एक फोर्ड कार (UP37P6641) दुर्घटनाग्रस्त होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई है. हादसे के दो दिन बाद अब इसका लाइव वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया है.
पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता की अपील
इस दर्दनाक हादसे के विजुअल्स सामने आने के बाद एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी चलाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. यह घटना दर्शाती है कि पहाड़ों के घुमावदार रास्तों पर जरा सी लापरवाही कितनी जानलेवा हो सकती है. सुरक्षित और सतर्क ड्राइविंग ही ऐसे हादसों से बचा सकती है.
यह भी पढ़ें: पौड़ी: जिस गांव से देश को मिले NSA अजीत डोभाल, वहां टिन शेड में पढ़ने को मजबूर बच्चे.. आखिर कब बनेगा स्कूल?
ADVERTISEMENT


