Dineshpur Chori Viral Video: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. यहां दो युवक एक घर में चोरी करने पहुंचे. घर में घुसते ही उन्होंने पहले मंदिर में भगवान की मूर्ति के सामने हाथ जोड़े और माथा टेका. इसके बाद दोनों घर का सामान खंगालने लगे. उनकी यह पूरी हरकत CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
पहले भगवान को किया प्रणाम, फिर शुरू की तलाशी
जानकारी के मुताबिक, दिनेशपुर के बुकसोरा इलाके में दो युवक एक घर में चोरी करने पहुंचे. CCTV फुटेज में दोनों घर के अंदर दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं. इनमें से एक युवक सबसे पहले कमरे में रखी भगवान की मूर्ति के सामने हाथ जोड़ता है. इसके बाद दोनों चोरी के इरादे से घर का सामान खंगालने लगते हैं.
कुछ नहीं मिला तो दोबारा उतारी चप्पल
फुटेज में एक युवक बेड पर रखे सामान को इधर-उधर करके तलाशी लेता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा अलमारी और आसपास रखे सामान को खंगालता दिखाई देता है. इसी दौरान एक युवक की नजर फिर भगवान की मूर्ति पर पड़ती है. वह अपनी चप्पल उतारता है, हाथ जोड़ता है और माथा टेकता है. इसके बाद दोबारा सामान की तलाश में जुट जाता है.
नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हुए चोर
बताया जा रहा है कि दोनों युवक काफी देर तक घर में चोरी के लिए सामान तलाशते रहे. इसके बाद वे नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए. चोरी की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
CCTV के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस तहरीर और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल दोनों युवकों की पहचान और उनकी तलाश को लेकर जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की 5.23 लाख महिलाओं के खाते में दिसंबर में आएंगे पैसे, जानें किसे मिलेगा 'बैणी-भुली योजना' का लाभ
ADVERTISEMENT


