हरियाणा के नहीं... इस राज्य के थे हरिद्वार में गंगा घाट पर नशे में शर्मनाक हरकत करने वाले युवक, सामने आया चौंकाने वाला सच

Har Ki Pauri Viral Video: उत्तराखंड में यात्रा सीजन शुरू होते ही हरिद्वार में तीर्थ यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है. इसी बीच हर की पौड़ी पर गंगा आरती के बाद शराब के नशे में धुत चार युवकों द्वारा बाजार में महिलाओं से छेड़खानी और गंगा घाट पर अश्लील हरकतें करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.

Haridwar Viral Video
Haridwar Viral Video

मुदित अग्रवाल

follow google news

Haridwar Viral Video: उत्तराखंड के हरिद्वार में इन दिनों चार धाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चलते देश भर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. लेकिन तीर्थ नगरी की पवित्रता को तार-तार करने वाली कुछ अजीब और शर्मनाक घटनाएं भी सामने आने लगी हैं. मंगलवार देर शाम मां गंगा की आरती समाप्त होने के बाद हर की पौड़ी के मुख्य बाजार और गंगा घाट पर भारी हुड़दंग देखने को मिला. शराब के नशे में धुत चार युवकों ने न सिर्फ राह चलती महिलाओं के साथ अभद्रता की बल्कि पवित्र गंगा नदी में कूदकर अश्लील हरकतें भी कीं. स्थानीय लोगों की सतर्कता से इन चारों हुड़दंगियों को पुलिस ने दबोच लिया है.

Read more!

गंगा आरती खत्म होने के बाद जब श्रद्धालु वापस लौट रहे थे तभी मुख्य बाजार से चार युवक झूमते हुए गुजरे. वे इतने ज्यादा नशे में थे कि सीधे पैर भी नहीं रख पा रहे थे. बाजार से गुजरते समय इन युवकों ने रास्ते में खड़ी महिलाओं और महिला यात्रियों के साथ धक्का-मुक्की और छेड़खानी शुरू कर दी. युवकों की इस बदतमीजी को देखकर वहां मौजूद स्थानीय निवासियों ने उनकी हरकतों का वीडियो अपने कैमरों में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने तुरंत हर की पौड़ी पुलिस चौकी को मामले की जानकारी दी.

पवित्र गंगा घाट पर अश्लील हरकतें

बाजार में उत्पात मचाने के बाद ये चारों युवक भागते हुए सीधे गंगा घाट पर पहुंच गए. नशे की हालत में इन युवकों ने घाट पर मौजूद अन्य तीर्थ यात्रियों के साथ भी बदतमीजी की और उन्हें जबरन रास्ते से हटाकर खुद गंगा जी में कूद गए. नदी के भीतर ये चारों युवक नशे में झूमते हुए आपस में अश्लील हरकतें करने लगे. घाट पर मौजूद लोग यह देखकर हैरान रह गए कि इतनी तेज धारा में नशे में नहाने के दौरान अगर कोई बड़ा हादसा हो जाता तो इसका जिम्मेदार कौन होता.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया गिरफ्तार

हुड़दंग की सूचना मिलते ही हर की पौड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गंगा जी में नहा रहे चारों युवकों को पानी से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया. पुलिस पूछताछ और मेडिकल जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि चारों युवकों ने भारी मात्रा में शराब पी रखी थी. पुलिस ने चारों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान काटकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की है.

उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस की जांच में पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के रूप में हुई है. पुलिस ने जिन युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है उनके नाम राजीव पुत्र चंदन निवासी ग्राम साकरोद थाना खेकड़ा जनपद बागपत और विपिन पुत्र ओमप्रकाश निवासी नूरपुर खालसा थाना खेकड़ा जनपद बागपत हैं. इनके साथ ही कपिल शर्मा पुत्र महिपाल निवासी ग्राम साकरोद थाना खेकड़ा जनपद बागपत और विकास पुत्र राजेंद्र निवासी नूरपुर खालसा थाना खेकड़ा जनपद बागपत के खिलाफ भी police ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है.

तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने बयां की पूरी कहानी

इस पूरे मामले के चश्मदीद और हरिद्वार के तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने बताया कि यह घटना आरती के तुरंत बाद की है. जब वे लोग लौट रहे थे तो उन्होंने देखा कि कुछ युवक बहुत ही अजीब तरीके से चल रहे थे. वे कभी किसी दुकानदार को छेड़ रहे थे तो कभी महिलाओं को हाथ मार रहे थे और धक्का दे रहे थे. उन्होंने तुरंत इस पूरी घटना को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया और हर की पौड़ी चौकी पुलिस को सूचना दी. वे खुद पुलिस को बताने के बाद इन लड़कों के पीछे-पीछे गए जहां पुलिस ने इन्हें धर दबोचा.

उत्तराखंड बायकॉट की बात करने वालों को करारा जवाब

तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो सोशल मीडिया पर उत्तराखंड या हरिद्वार ऋषिकेश के बायकॉट की बात करते हैं. उन्होंने साफ कहा कि उत्तराखंड या हरिद्वार के लोग किसी राज्य या वहां के रहने वाले लोगों से नफरत नहीं करते हैं. हरियाणा या देश के अन्य हिस्सों में बहुत से धर्मात्मा और सज्जन लोग रहते हैं जो यहां आकर पुण्य कमाते हैं. हरिद्वार के लोग सभी का दिल से सम्मान करते हैं. लेकिन तीर्थ क्षेत्र में आकर शराब पीना महिलाओं को छेड़ना गाली-गलौच करना और उत्पात मचाना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे उत्पाद मचाने वाले लोगों के प्रति हमारी कोई श्रद्धा नहीं है और उन्हें हरिद्वार आने की कोई जरूरत नहीं है.

    follow google news