सोशल मीडिया की दुनिया में मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोबाल इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर करीब दो घंटे लंबा वीडियो शेयर किया जिसमें वह अपनी निजी जिंदगी के संघर्षों और मानसिक पीड़ा के बारे में खुलकर बात करते नजर आए. वीडियो में अनुराग कई बार भावुक होकर रोते दिखाई दिए और उन्होंने बताया कि पिछले एक साल से वह गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
इससे पहले भी अनुराग ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर बताया था कि उनकी जिंदगी में सब कुछ बिखर गया है. उन्होंने लिखा था कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और इस वजह से वह अपना परिवार, पैसा और सुकून सब खो चुके हैं. उनके मुताबिक वो जिन लोगों को अपना समझते थे उन्हीं की वजह से उनकी जिंदगी बेहद कठिन हो गई है.
आखिरी वीडियो बनाकर बताया दिल का हाल
अपने नए वीडियो में अनुराग ने कहा कि शायद यह उनका आखिरी वीडियो हो, क्योंकि उन्होंने यूट्युब छोड़ने का फैसला कर लिया है. उन्होंने यह भी बताया कि वह कभी आत्महत्या की कोशिश कर चुके हैं. उनकी ये बातें सुनकर फैंस काफी चिंतित हो गए हैं और सोशल मीडिया पर लोग उनके लिए चिंता जता रहे हैं.
वीडियो में अनुराग ने अपनी जिंदगी के पुराने संघर्ष भी साझा किए. उन्होंने बताया कि जब वह केवल 14 साल के थे, तब उन्हें ब्रेन ट्यूमर का पता चला था. यह उनके जीवन का बेहद कठिन समय था. पढ़ाई को लेकर भी उन्हें परिवार की तरफ से काफी दबाव महसूस होता था. अपने सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया.
अनुराग ने अपनी लव स्टोरी का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी मुलाकात सोशल मीडिया पर रित्तिका डोबाल से हुई थी. रितिका पहले उनकी फैन थीं और उन्होंने करीब दो-तीन साल तक लगातार उन्हें मैसेज किए. बाद में दोनों की बातचीत शुरू हुई और फिर दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला लिया.
शादी के लिए राजी नहीं था परिवार
हालांकि उनकी शादी को परिवार का समर्थन नहीं मिला. अनुराग के मुताबिक शादी से सिर्फ छह दिन पहले उनके माता-पिता ने समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया था. इसके बावजूद उन्होंने खुद ही पूरी शादी की जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने दावा किया कि परिवार की तरफ से उन्हें काफी मानसिक दबाव झेलना पड़ा, खासकर इसलिए क्योंकि उन्होंने इंटर-कास्ट मैरिज की थी.
अनुराग ने आरोप लगाया कि शादी के बाद भी उनके माता-पिता ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और उन्हें तथा उनकी पत्नी को घर में आने तक की अनुमति नहीं दी. उन्होंने यह भी कहा कि लगातार तनाव की वजह से वह बेहद टूट गए थे और एक बार आत्महत्या की कोशिश भी की थी. उनका यह भी दावा है कि अब उनकी पत्नी रितिका भी उन्हें छोड़ चुकी हैं.
रोते हुए बनाया वीडियो
वीडियो में रोते हुए अनुराग ने कहा कि उनकी मौत के लिए उनके माता-पिता, भाई कलम और श्रेया जिम्मेदार होंगे. उन्होंने बताया कि वह गहरे डिप्रेशन में हैं और पिछले कई दिनों से ठीक से खा भी नहीं पाए हैं. अनुराग ने कुछ सबूत भी दिखाए और आरोप लगाया कि उनके भाई ने उनकी संपत्ति और यहां तक कि उनका डॉगी भी उनसे छीन लिया.
वीडियो के अंत में उन्होंने अपनी पत्नी रितिका के नाम एक भावुक संदेश भी साझा किया. उन्होंने लिखा कि उनके जाने के बाद कई लोग झूठी बातें कह सकते हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा रितिका से सच्चा प्यार किया है. उन्होंने यह भी कहा कि उनका बच्चा उनकी आखिरी उम्मीद था और काश रितिका उन पर भरोसा करके उनके साथ खड़ी रहतीं.
बता दें कि अनुराग और रितिका की शादी पिछले साल मई में हुई थी. इसके कुछ महीनों बाद, सितंबर में इस कपल ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी की खुशखबरी भी फैंस के साथ साझा की थी. फिलहाल अनुराग का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और उनके प्रशंसक उनके लिए चिंता जता रहे हैं.
ये भी पढ़ें: इस मशहूर यूट्यूबर की जान को खतरा? इंस्टाग्राम पोस्ट से मची खलबली, लिखा- 'मुझे मारने की प्लानिंग हो रही है'
ADVERTISEMENT

