रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे की छत पर क्यों चढ़े थे 7 निहंग श्रद्धालु? नीचे उतरे शख्स ने बताई विवाद की पूरी कहानी

रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में जारी विवाद के बीच छत से नीचे उतरे एक निहंग श्रद्धालु ने अपना पक्ष रखा है. उसने सेवादारों पर बदसलूकी का आरोप लगाया और बताया कि पुलिस को देखकर डर के कारण वे छत पर चढ़ गए थे. बता दें कि फिलहाल अभी भी पांच निहंग छत पर मौजूद हैं.

गुरुद्वारे की छत से उतरे निहंग श्रद्धालु ने बताई वजह
गुरुद्वारे की छत से उतरे निहंग श्रद्धालु ने बताई वजह

प्रवीण सेमवाल

follow google news

Rudraprayag Nagarasu Gurdwara News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में बीते 20 जून से शुरू हुआ विवाद अब भी जारी है. हालांकि, अब गुरुद्वारे की छत पर चढ़े 7 में से 2 निहंग श्रद्धालु नीचे आ गए हैं, अब गुरुद्वारे की छत पर कुल पांच निहंग श्रद्धालु मौजूद हैं.  इस पूरे विवाद के बीच गुरुद्वारे की छत से नीचे आए निहंग श्रद्धालुओं में से एक ने अपना बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि वे लोग ऋषिकेश से कर्णप्रयाग जा रहे थे और अपनी यात्रा पर थे. रास्ते में वे सभी नगरासू गुरुद्वारे में खाना खाने के लिए रुके थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे गुरुद्वारे के अंदर पहुंचे तो वहां मौजूद सेवादारों ने उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी और गलत व्यवहार किया. इस व्यवहार के बाद जब वे गुरुद्वारे से बाहर निकले तो वहां पुलिस खड़ी थी.

Read more!

पुलिस को देखकर बैठ गया था मन में डर

निहंग श्रद्धालु ने बताया कि वे पुलिस को देखकर वे लोग घबरा गए. उन्हें लगा कि गुरुद्वारा प्रबंधन ने उनके खिलाफ पुलिस को बुला लिया है और पुलिस उन्हें पकड़ने आई है. इसी डर की वजह से वे सभी लोग अपनी जान बचाने और विरोध जताने के लिए गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए. नीचे आए निहंग श्रद्धालु ने साफ किया कि वे अब बिल्कुल ठीक हैं, पूरी तरह सुरक्षित हैं और अपने घर वापस जाना चाहते हैं.

मामले पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा का बयान

इस घटना को लेकर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा का बयान भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे के अंदर आपसी विवाद हुआ था. इस विवाद पर लगातार नजर रखने और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मुस्तैदी से तैनात है. जिलाधिकारी ने कहा कि वहां किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं है और सब कुछ शांतिपूर्वक चल रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. हेमकुंड साहिब यात्रा भी बिल्कुल शांतिपूर्वक चल रही है और गुरुद्वारे के अंदर अरदास, लंगर और श्रद्धालुओं का आना-जाना पूरी तरह सामान्य और शांत है.

रुद्रप्रयाग एसएसपी नीहारिका तोमर ने क्या कहा

इस पूरे मामले पर रुद्रप्रयाग की एसएसपी नीहारिका तोमर ने फोन पर बातचीत के दौरान कई अहम जानकारियां दीं. उन्होंने बताया कि अब तक की जांच और दोनों पक्षों से हुई बातचीत में यह साफ हुआ है कि निहंगों श्रद्धालुओं का यह पूरा विवाद सिर्फ नगरासू गुरुद्वारे के सेवादारों के साथ हुआ था. उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्णप्रयाग के किसी भी अन्य मामले का निहंगों ने बातचीत के दौरान कहीं भी कोई जिक्र नहीं किया है.

एसएसपी नीहारिका तोमर ने आगे बताया कि सेवादारों से हुए विवाद के बाद कुछ निहंग श्रद्धालुओं गुस्से में आकर गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए थे. उनमें से जो निहंग श्रद्धालु नीचे उतरकर आए हैं, वह प्रशासन से लगातार बातचीत कर रहा है और पूरी तरह सुरक्षित है. प्रशासन को पूरी उम्मीद है कि नीचे आए निहंगों श्रद्धालुओं से बातचीत के बाद छत पर मौजूद बाकी निहंग भी मान जाएंगे और जल्द ही नीचे उतर आएंगे. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि गुरुद्वारे के भीतर अरदास और लंगर की पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से चलाई जा रही है.

    follow google news