उत्तराखंड के नैनीताल में नियमों की धज्जियां उड़ाना एक विधायक के बेटे को भारी पड़ गया. उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के जहानाबाद से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बेटे ने माल रोड पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी (UP 33 V 0003) को सीज कर दिया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, विधायक का बेटा अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था. पर्यटन सीजन के कारण माल रोड पर काफी भीड़ और जाम की स्थिति थी. इस दौरान विधायक पुत्र की गाड़ी में अवैध रूप से लगा हूटर लगातार बजाया जा रहा था. शोर सुनकर वहां मौजूद उपजिलाधिकारी (SDM) ने गाड़ी को रुकवाया और हूटर बजाने की वजह पूछी.
एसडीएम से उलझना पड़ा महंगा
गलती मानने के बजाय विधायक के बेटे ने अपनी रसूख दिखाना शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने एसडीएम के साथ तीखी बहस की और मुख्यमंत्री का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की. हंगामे की स्थिति देखते हुए एसडीएम ने तुरंत पुलिस को बुलाया. जांच के दौरान गाड़ी के जरूरी दस्तावेज भी मौके पर नहीं दिखाए जा सके.
प्रशासन ने निकाली हनक
प्रशासन ने 'वीआईपी कल्चर' के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत गाड़ी का चालान काटा और उसे जब्त कर लिया. जो विधायक पुत्र कुछ देर पहले अपनी हनक दिखा रहे थे, अब उन्हें अपनी गाड़ी वापस पाने के लिए कानूनी प्रक्रियाओं और कचहरी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
ADVERTISEMENT


