रविवार को पिथौरागढ़ पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभूतपूर्व स्वागत किया गया. उनके स्वागत के लिए उमड़े जनसैलाब में बुजुर्गों, युवाओं और मातृशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली. जनता के इस अपार स्नेह और आत्मीय स्वागत से मुख्यमंत्री अभिभूत नजर आए. इस दौरान सीएम धामी ने पिथौरागढ़ की जनता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को सुना.
ADVERTISEMENT
284 करोड़ से अधिक की विकास सौगात
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के लिए ₹284 करोड़ से अधिक की लागत वाली 67 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा. सड़क, बेहतर कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से सीमांत क्षेत्रों के विकास को और गति मिलेगी.
सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार सीमांत जनपदों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है. आज पिथौरागढ़ में सड़क और हवाई कनेक्टिविटी का दायरा तेजी से बढ़ रहा है. इसके साथ ही पर्यटन और साहसिक पर्यटन की नई संभावनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के द्वार खुल रहे हैं.
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक फकीर राम टम्टा, जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला प्रभारी निर्मल मेहरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT


