लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक उत्तराखंड के देहरादून पहुंचे है. जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने काफी गर्मजोशी के साथ माला पहनाकर स्वागत किया. राहुल गांधी आज देहरादून में पेपरलीक के खिलाफ बड़ा कैंपेन शुरू करने जा रहा हैं और इसे 'छात्रों की गूंज' नाम दिया गया है. वे इस कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे. वहीं देहरादून पहुंचते ही राहुल गांधी दिवंगत कांग्रेसी कार्यकर्ता अमर मेहता के घर पहुंचे, जिनकी बीते कल रॉड गिरने से मौत हो गई थी.
ADVERTISEMENT
परिजनों से किया शोक व्यक्त
अमर मेहता की बीते कल देर रात मौत हो गई थी और आज उनका अंतिम संस्कार किया गया है. राहुल गांधी ने इस दुखी की घड़ी में परिजनों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की और साथ ही शोक व्यक्त किया. दिवंगत कांग्रेसी नेता के घर पर कुछ समय रुकने के बाद राहुल गांधी वहां से रवाना हो गए. इस दौरान परिजनों की आंखें नम दिखी.
कैसे हुआ था हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' के लिए रैली स्थल पर तैयारियां की जा रही थी. तभी देर रात 65 साल के कांग्रेसी नेता अमर मेहता के सिर पर लोहे का कटर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. 65 वर्षीय अमर मेहता देहरादून के ब्राह्मणवाला क्षेत्र के रहने वाले थे और काफी लंबे समय से वे कांग्रेस से जुड़े हुए थे. बताया जा रहा है कि उनका बेटा भी यूथ कांग्रेस में काफी एक्टिव है. घटना के बाद कांग्रेस नेताओं में भी शोक की लहर है.
शाम 7:30 बजे है राहुल का कार्यक्रम
राहुल गांधी का कार्यक्रम पहले देहरादून के परेड ग्राउंड में होना था, लेकिन प्रशासन ने उनकी अनुमति रद्द कर दी थी. जिसके बाद कार्यक्रम स्थल बदल कर देहरादून के रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल ग्राउंड किया गया. जानकारी के मुताबिक, आज यानी 17 जुलाई को शाम 7:30 बजे राहुल गांधी यहां छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे. वहीं मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले मौसम ने भी करवट ले ली है और आयोजन वाले जगह पर पानी भरना शुरू हो गया है.
ADVERTISEMENT


