ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में घर बनाने के लिए CM धामी से मांगी जमीन, अब मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा जवाब

न्यूज तक डेस्क

08 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 8 2026 11:00 AM)

ऋषभ पंत उत्तराखंड में अपना घर बनाने के लिए जमीन खरीदना चाहते हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी थी. पंत ने बताया कि वह तीन साल से जमीन तलाश रहे हैं. अब सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश देकर पंत से संपर्क करने और नियमों के तहत हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.

rishabh pant
rishabh pant
Google CTA

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत उत्तराखंड में अपना घर बनाना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी थी. अब सीएम धामी ने पंत की अपील पर जवाब दिया है और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश देने की बात कही है.

Read more!

पंत की अपील पर CM धामी ने दिया जवाब

ऋषभ पंत ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करके एक लंबा पोस्ट किया था. इसमें उन्होंने उत्तराखंड में जमीन खरीदने में मदद मांगी थी.

पंत ने बताया था कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं. वह अपने राज्य में रहना चाहते हैं और वहीं अपना घर बनाना चाहते हैं. हालांकि, पिछले करीब तीन साल से जमीन तलाशने के बावजूद उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक जगह नहीं मिल पाई है.

प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।

आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को… https://t.co/v3iFQVpxUK

— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 8, 2026

इसके बाद शनिवार को सीएम धामी ने पंत के पोस्ट का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं. अधिकारी जल्द ही ऋषभ पंत से संपर्क करेंगे और नियमों के तहत हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे.

'ऋषभ, आप उत्तराखंड का गौरव हैं'

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जवाब में ऋषभ पंत की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि पंत ने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में उत्तराखंड का नाम रोशन किया है.

धामी ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति ऋषभ पंत का लगाव और उत्तराखंड लौटकर राज्य के लिए कुछ करने की इच्छा सराहनीय है. मुख्यमंत्री ने पंत की जमीन से जुड़ी समस्या पर अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने का भरोसा दिया.

तीन साल से जमीन की तलाश कर रहे हैं पंत

ऋषभ पंत ने अपने पोस्ट में बताया कि वह काफी समय से उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना था कि उन्हें ऐसी बड़ी और सुविधाजनक जगह नहीं मिल पा रही है, जहां वह अपना घर बना सकें.

पंत ने कहा कि जमीन हासिल करने की प्रक्रिया उनके लिए काफी मुश्किल हो गई है. उन्हें इस पूरी प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता भी नहीं मिल रही है. इसी वजह से उन्होंने मुख्यमंत्री से मदद की अपील की.

सरकार से जमीन खरीदने का विकल्प भी रखा

ऋषभ पंत ने अपनी अपील में सरकार के सामने एक विकल्प भी रखा. उन्होंने कहा था कि अगर सरकार उन्हें जमीन उपलब्ध कराने की अनुमति देती है तो वह उसे सरकार से तय सरकारी दर पर खरीदने के लिए तैयार हैं.

पंत के मुताबिक, इससे वह अपने राज्य में अपना पहला घर बना सकेंगे. उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड से बहुत प्यार करते हैं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं.

उत्तराखंड में रहकर राज्य के लिए करना चाहते हैं काम

पंत ने अपने पोस्ट में उत्तराखंड के विकास में योगदान देने की इच्छा भी जताई. उन्होंने कहा कि वह अपने मूल राज्य में वापस आना चाहते हैं और यहां रहकर राज्य के लिए कुछ करना चाहते हैं.

फिलहाल पंत भारतीय क्रिकेट टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं. वह टेस्ट टीम के नियमित सदस्य हैं और टीम इंडिया के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं.

अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारी ऋषभ पंत से कब संपर्क करते हैं और जमीन से जुड़ी उनकी समस्या का क्या समाधान निकलता है, इस पर नजर रहेगी. इतना जरूर है कि पंत की अपील पर सरकार की ओर से सकारात्मक जवाब सामने आया है.