Tehri Garhwal bus accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां ऋषिकेश-बद्ररीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के नजदीक एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई. विश्वनाथ सेवा की यह बस यात्रियों को लेकर हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही थी. सुबह करीब 4:30 बजे गूलर पुल के पास बस अचानक बेकाबू हो गई. देखते ही देखते यह बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में बह रहे गदेरे में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में कुल 8 लोगों की जान चली गई है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
बताया जा रहा है कि यह बस सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी. सुबह 5:55 बजे के आसपास पुलिस कंट्रोल रूम (112) को सूचना मिली कि गूलर पुल के पास एक बस नीचे गिर गई है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के मुताबिक, जिस जगह यह हादसा हुआ वहां एक तीखा मोड़ है. सुबह का वक्त और तीखा मोड़ होने के कारण शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस टीम हादसे के पीछे के बाकी कारणों की भी बारीकी से जांच कर रही है.
मौके पर मची चीख-पुकार, 8 लोगों की गई जान
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. ताजा अपडेट के अनुसार, इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 9 तक पहुंच गई है. इनमें से 7 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 2 अन्य गंभीर घायलों की मौत एम्स में इलाज के दौरान हुई. वहीं, 26 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घायलों में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, असम, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के यात्री भी शामिल हैं. इनमें एक अज्ञात घायल की हालत काफी गंभीर बनी हुई है.
दुर्गम खाई में SDRF और पुलिस का बड़ा रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की खबर मिलते ही चौकी शिवपुरी, ब्यासी और मुनि की रेती थाने की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर दौड़ी. इसके साथ ही एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी सक्रिय किया गया. एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट ब्यासी, ढालवाला और मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भेजी गईं.
इलाका बेहद दुर्गम और खाई गहरी होने के कारण जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. एसडीआरएफ के जवानों ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से स्ट्रेचर के जरिए घायलों को खाई से ऊपर सड़क तक पहुंचाया. एक घंटे के भीतर ही सभी 26 घायलों को एंबुलेंस की मदद से ऋषिकेश के अस्पताल और एम्स भेज दिया गया.
पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख
इस हृदयविदारक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि टिहरी गढ़वाल में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से वे बेहद दुखी हैं. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गूलर समेत प्रदेश में हुई अन्य सड़क दुर्घटनाओं पर दुख जताया. सीएम ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में कोई कमी न रहे तथा पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाए.
यह भी पढ़ें:
ADVERTISEMENT


