Tehri Lake Festival 2026: टिहरी झील के किनारे एक बार फिर रौनक लौटने वाली है. यहां आगामी 6 से 9 मार्च तक टिहरी लेक फेस्टिवल आयोजित होने वाला है. इस बार लेक फेस्टिवल की थीम हिमालयन ओ-2 रखी गई है. फेस्टिवल के बारे में इलाके के विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि इस महोत्सव का लक्ष्य राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ ही हिमालय, गंगा, पानी और शुद्ध हवा को बचाने का एक बड़ा संदेश पूरी दुनिया को देना है.
ADVERTISEMENT
सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मनेगा उत्सव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद इस बार महोत्सव का स्वरूप काफी बड़ा कर दिया गया है. अब यह आयोजन सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि टिहरी जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में अलग अलग कार्यक्रम किए जाएंगे. एक जिला एक मेला की सोच के साथ इस फेस्टिवल को टिहरी की एक विशेष पहचान के रूप में स्थापित करने की कोशिश की जा रही है ताकि जिले का हर नागरिक इससे जुड़ सके.
सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड का तड़का
महोत्सव के दौरान मनोरंजन और कला का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मशहूर बॉलीवुड गायक अमित त्रिवेदी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे. इसके साथ ही पांडवाज बैंड और स्थानीय लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी. पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसमें फैशन शो, फोटोग्राफी और टिहरी मास्टर शेफ जैसी रोचक प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं.
युवाओं के लिए होंगी ये खास प्रतियोगिताएं
खेल और हुनर को बढ़ावा देने के लिए मिस्टर, मिस और मिसेज टिहरी के चुनाव के साथ साथ काइट फेस्टिवल और ट्रैक एंड रूट जैसे प्रोग्राम भी होंगे. बोर्ड परीक्षाओं का ख्याल रखते हुए आयोजकों ने मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को कोटी कॉलोनी में शिफ्ट किया है. वहीं करिअप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट और कुछ अन्य स्पोर्ट्स इवेंट्स नई टिहरी में कराए जाएंगे ताकि छात्रों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए.
टूरिज्म को प्रमोट करने पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के मुताबिक विंटर टूरिज्म को प्रमोट करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. टिहरी झील के अलावा धनोल्टी, घनसाली, नरेंद्रनगर और प्रतापनगर जैसे इलाकों में भी कई तरह के साहसिक खेल और कार्यक्रम आयोजित होंगे. प्रशासन का प्रयास है कि इस भव्य उत्सव के जरिए टिहरी को विश्व पटल पर एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में उभारा जाए.
यह भी पढ़ें: अलकनंदा नदी में टला बड़ा हादसा! आमने-सामने टकरा गए दो बोट, लाइव वीडियो आया सामने
ADVERTISEMENT

