एक शिकायत, 12 घंटे में गिरफ्तारी! अंकिता भंडारी केस से चर्चा में आईं उर्मिला सनावर पर क्या हैं आरोप? जानिए पूरा मामला

मुदित अग्रवाल

• 01:01 PM • 26 Oct 2026

Urmila Sanawar Arrest Case: पूर्व विधायक की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अंकिता भंडारी प्रकरण से सुर्खियों में आई आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है.

उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर से किया गिरफ्तार.
उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर से किया गिरफ्तार.
Google CTA

Urmila Sanawar Arrest Case: हरिद्वार जिले की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है. अंकिता भंडारी मामले को लेकर चर्चा में आई उर्मिला सनावर के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई महज 12 घंटे के भीतर की गई.

Read more!

पूर्व विधायक की पुत्री ने दर्ज कराया था मुकदमा

ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पुत्री दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात्रि को रानीपुर कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी. तहरीर के अनुसार, आरोपी महिला उर्मिला सनावर (निवासी मकान नंबर 2ए/1682, नियर रेलवे लाइन, मोहल्ला गोविंदनगर, थाना सदर बाजार, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) पर निम्नलिखित गंभीर आरोप लगाए गए थे:

  • सोशल मीडिया पर अश्लील व मानहानिकारक टिप्पणियां कर महिला की लज्जा भंग करना
  • वादिया के परिवार की छवि को धूमिल करना
  • वादिया को व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने की मांग करना
  • 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगना
  • जान से मारने की धमकी देना

इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 387/26, धारा 308(5)(7), 79, 356(3), 356(2) बीएनएस तथा 4/10 स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम 1986 के तहत अभियोग पंजीकृत किया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर आज माननीय न्यायालय में पेश किया है.

एसपी सिटी दीपक सिंह ने क्या बताया

हरिद्वार के एसपी सिटी दीपक सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दीपिका राठौर द्वारा 24 अक्टूबर की रात्रि को कोतवाली रानीपुर में तहरीर दी गई थी. तहरीर में सोशल मीडिया पर अश्लील व अपमानजनक टिप्पणी करने, महिला की लज्जा भंग करने, परिवार की छवि धूमिल करने और व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने व 5 करोड़ रुपये की मांग करने के आरोप लगाए गए थे. एसपी सिटी ने बताया कि अभियुक्त उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है और दर्ज तहरीर के हिसाब से धाराएं लगाई गई हैं. विवेचना में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उर्मिला सनावर पर अब तक 9 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिला का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही 9 मुकदमे दर्ज हैं. इनमें झबरेडा, बहादराबाद, ज्वालापुर, रानीपुर, नेहरू कॉलोनी देहरादून और उत्तर प्रदेश के सदर बाजार व फतेहपुर थानों में दर्ज कई मामले शामिल हैं, जिनमें आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराएं जुड़ी हुई हैं.

यह भी पढ़ें: 'नशे में थे या गंभीर बीमारी का शिकार?' जानिए उत्तराखंड मेले में हुए दलेर मेहंदी विवाद का पूरा और असली सच