खटीमा में बिखरे जनजातीय संस्कृति के रंग, 'उत्तराखंड आदि रंगोत्सव' का भव्य आगाज, ढोल की थाप पर कलाकारों संग थिरके CM धामी

न्यूज तक डेस्क

05 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 5 2026 6:11 PM)

खटीमा में तीन दिवसीय 'उत्तराखंड आदि रंगोत्सव' का भव्य शुभारंभ हुआ. सीएम पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जुएल ओराम की मौजूदगी में जनजातीय संस्कृति के रंग बिखरे.

NewsTak
'उत्तराखंड आदि रंगोत्सव' का भव्य शुभारंभ.
Google CTA

सीमांत क्षेत्र खटीमा में तीन दिवसीय 'उत्तराखंड आदि रंगोत्सव' का रंगारंग और गरिमामय शुभारंभ हुआ. यह आयोजन उत्तराखंड सहित देश भर की समृद्ध जनजातीय विरासत, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता के अनूठे उत्सव के रूप में सामने आया है. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय संसदीय व अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संयुक्त रूप से किया.

Read more!

उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी तरह पारंपरिक रंग में रंगे नजर आए. उन्होंने न सिर्फ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि स्वयं ढोल बजाकर उनके साथ लोकनृत्य में भाग भी लिया.

जनजातीय समाज को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: CM धामी 

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 'आदि रंगोत्सव' जनजातीय समाज की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे को मजबूत कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने और उन्हें सशक्त-आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों से पिथौरागढ़ जिले में भी एक नए 'एकलव्य आवासीय विद्यालय' की स्थापना का विशेष अनुरोध किया.

खटीमा एकलव्य विद्यालय के लिए 10 करोड़ की घोषणा

कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की.

उन्होंने जानकारी दी कि इसमें से 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए छात्रावास (हॉस्टल) की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा.

"आपदा प्रबंधन में धामी सरकार का काम मिसाल"-  किरेन रिजिजू 

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी जैसी जनजातियों की समृद्ध विरासत को राज्य की वास्तविक पहचान बताया. उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सुरंग हादसों और भूस्खलन जैसी विषम परिस्थितियों में मुख्यमंत्री ने जिस मुस्तैदी और संवेदनशीलता से कमान संभाली, वह बेहद सराहनीय है.

'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का दिखा जीवंत रूप  

आदि रंगोत्सव में देश के कोने-कोने से आए सांस्कृतिक दलों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया. राजस्थान, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश से आए सैकड़ों कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्यों के जरिए 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का खूबसूरत संदेश दिया.