Uttarakhand News: सीएम धामी ने दी 39.87 करोड़ रुपए की सौगात, प्रदेश में सड़कें, पेयजल और पर्यटन का होगा विकास

न्यूज तक डेस्क

25 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 25 2026 3:31 PM)

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 39.87 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है. इसमें सड़क, पेयजल, सीवरेज और पर्यटन परियोजनाएं शामिल हैं.

NewsTak
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सोशल मीडिया X से.
Google CTA

उत्तराखंड में अवस्थापना, पेयजल, सड़क और पर्यटन ढांचे को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹39.87 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है. इस बजट से प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेयजल योजनाओं, सड़क सुदृढ़ीकरण, पार्किंग, सोलर सिस्टम और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को तेजी मिलेगी.

Read more!

पेयजल और सीवरेज परियोजनाओं को बढ़ावा 

मुख्यमंत्री धामी ने वार्ड नंबर 60 के मधुवन एन्क्लेव में नलकूप और उर्ध्व जलाशय के निर्माण के लिए ₹4.98 करोड़ मंजूर किए हैं. वहीं, कुमाऊं मंडल के लिए हल्द्वानी में राज्य स्तरीय जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला के निर्माण हेतु ₹2.21 करोड़ की स्वीकृति दी गई है.

पर्यावरण और ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए, ऋषिकेश के लक्कड़घाट में 26 एमएलडी एसटीपी और 0.0500 एमएलडी को-ट्रीटमेंट प्लांट पर ग्रिड सोलर सिस्टम लगाने के लिए ₹4.30 करोड़ तथा टिहरी के चोरपानी में 5.00 एमएलडी एसटीपी पर ग्रिड सोलर अधिष्ठापन के लिए ₹2.15 करोड़ की राशि को मंजूरी मिली है.

सड़कों का सुधारीकरण और कनेक्टिविटी 

प्रदेश में यातायात को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई मोटर मार्गों के पुनरोद्धार को स्वीकृति दी है:

पौड़ी गढ़वाल: निसनी लिंक मोटर रोड के सुधार कार्यों के लिए ₹3.17 करोड़.

चंपावत: बूढ़ाखेत-अमकडिया मोटर मार्ग के सुधारीकरण हेतु ₹1.67 करोड़.

टिहरी गढ़वाल: थौलधार ब्लॉक में उप्पू से औलणी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹3.25 करोड़.

हरिद्वार: BHEL रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के डामरीकरण और चौड़ीकरण से जुड़े 4 निर्माण कार्यों के लिए ₹3.41 करोड़.

पिथौरागढ़: डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग हेतु ₹74.44 लाख और कनालीछीना के भौतली में आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹80 लाख मंजूर किए गए हैं.

नंदा राजजात और पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान 

चमोली जिले में आगामी नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है- 

  • वाण में हेलीपैड निर्माण की अवशेष राशि ₹1.88 करोड़.
  • वाण पड़ाव हेलीपैड के समीप सर्फेस पार्किंग और शौचालय निर्माण हेतु ₹1.36 करोड़.
  • मुंदोली के डनाला तोक में अस्थायी पार्किंग के लिए ₹40.22 लाख तथा सुराई तोक में पार्किंग के लिए ₹30 लाख.

इसके अतिरिक्त, पिथौरागढ़ के धारचूला में काली नदी के किनारे पैदल चलने वालों के लिए रिवरफ्रंट डेवलपमेंट परियोजना हेतु ₹6.00 करोड़ की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है. अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सिद्धेश्वर मंदिर (दन्या) के सौंदर्यीकरण के लिए ₹97.08 लाख प्रदान किए गए हैं.

आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था 

मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की त्वरित मरम्मत के लिए राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के तहत लोक निर्माण विभाग (PWD) को ₹1.00 करोड़ तथा ग्राम्य विकास विभाग को ₹50 लाख जारी किए गए हैं. साथ ही, नैनीताल स्थित उच्च न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने हेतु ₹77.29 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.