उत्तराखंड में 17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान', CM धामी ने किया 11 प्रमुख कार्यक्रमों का ऐलान

न्यूज तक डेस्क

• 02:53 PM • 13 Sep 2026

उत्तराखंड में पीएम मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलेगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 11 प्रमुख कार्यक्रमों की घोषणा की.

NewsTak
Google CTA

Uttrakhand news : उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित करने जा रही है. यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. सचिवालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अभियान का आधिकारिक ऐलान किया. 

Read more!

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से आम नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है. 

11 प्रमुख कार्यक्रमों से जुड़ेगा जन-जन 

अभियान के अंतर्गत राज्य भर में 11 विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. 

आशीर्वाद का दीया: गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, धार्मिक स्थलों, गंगा तटों, मेडिकल कॉलेजों, अमृत सरोवरों और जन औषधि केंद्रों पर दीप प्रज्वलन और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. 

सेवा सेतु अभियान: ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत शिविर, स्वास्थ्य शिविर और बहुउद्देशीय कैंप लगाए जाएंगे, जहां केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ तुरंत मिलेगा. 

मेरे सपनों का भारत – चित्र सेवा: शैक्षणिक संस्थानों में 'विकसित भारत' के संकल्प और पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों पर चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी. 

नमो सेवा (अनकही कहानियां) व आंगन मिलन: विद्यालयों में राष्ट्रीय उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन होगा. आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ-बाल स्वास्थ्य और पोषण पर जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी. 

सेवा ज्योति कलश यात्रा: प्रमुख चौराहों पर 'विकसित भारत 2047' कलश स्थापित किया जाएगा. इसके साथ ही साइकिल और बाइक रैलियों का आयोजन होगा. 

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज: केंद्र व राज्य के विभागों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए IITs, IIMs और विशेषज्ञों को जोड़कर नए विचारों और स्टार्टअप्स को मेंटरशिप व सहयोग दिया जाएगा. 

मेरा योगदान व अन्य आयोजन: वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सुशासन सेवा संवाद के माध्यम से जनप्रतिनिधियों व नागरिकों को सीधे समाजोपयोगी कार्यों से जोड़ा जाएगा.

'उत्तराखंड के दशक को जन-समर्थन से आगे बढ़ाएंगे' 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और 'देवभूमि' उनकी मन-भूमि है. प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था और राज्य सरकार इसे जनता के सहयोग से आगे बढ़ा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मूल भाव केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि हर नागरिक को देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है. सभी जिलों में प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में इन कार्यक्रमों को विस्तृत रूप से मनाया जाएगा. प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे.