Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार अब डराने लगी है. मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटे सूबे के कई हिस्सों के लिए बेहद भारी गुजर सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून ने राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर महा-अलर्ट जारी किया है. प्रदेश में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक नदी-नाले उफान पर हैं. बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से भी ज्यादा रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की जा चुकी है. अगर आप भी अगले एक-दो दिनों में उत्तराखंड के पहाड़ी या मैदानी इलाकों में सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं और मौसम की इस ताजा अपडेट को जरूर पढ़ लें.
ADVERTISEMENT
उत्तराखंड में 10 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है. विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल एवं चम्पावत जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है. इसके साथ ही भारी बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की भी बात कही है. मौसम विभाग ने इन जिलाें में रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही राज्य के बाकी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई है. यहां के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
कहा कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में काशीपुर में सबसे अधिक 205 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा लक्सर में 179 मिमी, सुल्तानपुर पट्टी में 135 मिमी, नैनीडांडा में 130 मिमी, खानपुर में 116 मिमी और भीमताल में 87.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. पिछले तीन घंटों में भी लक्सर (121 मिमी), कोटद्वार (70.5 मिमी) और खानपुर (64 मिमी) सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.
पहाड़ों में बढ़ी ठिठुरन, मैदानों में गर्मी से राहत
लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम दर्ज किया गया है. वहीं, पहाड़ी (पर्वतीय) क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी कम पहुंच गया है. इससे वहां मौसम काफी ठंडा हो गया है. राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम यानी 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और आज भी यहां आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियसके आसपास रहने का अनुमान है.
आने वाले दिनों में उत्तराखंड के मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड में बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है. मुख्य अलर्ट वाले 7 जिलों के अलावा, राज्य के शेष बचे सभी जिलों में भी कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की पूरी संभावना बनी हुई है. इन बचे हुए जिलों में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली कड़कने और बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं. मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और संवेदनशील इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और यात्रियों को पूरी सावधानी बरतने की हिदायत दी है.
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Election 2027: भाजपा की हैट्रिक या कांग्रेस की वापसी? जानिए क्या कहती है 'रुद्र रिसर्च' की रिपोर्ट
ADVERTISEMENT


